उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र के रायपुर नगली गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित खेलकूद कार्यक्रम के दौरान एक 10 वर्षीय मासूम छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अहोई अष्टमी के पावन व्रत से ठीक एक दिन पहले हुई इस घटना से मृतक छात्र के घर में कोहराम मच गया है ।
दौड़ के दौरान अचानक चक्कर खाकर गिरा मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में राष्ट्रीय एकता दिवस (सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती) के उपलक्ष्य में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया था। कक्षा चार का छात्र निहाल भी स्कूल के खेलकूद कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहा था। इसी दौरान दौड़ लगाते वक्त अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह खेलते-खेलते चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ा। छात्र के अचानक बेहोश होकर गिरने पर स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्कूल शिक्षकों और प्रबंधन ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए मासूम को उपचार के लिए एम्बुलेंस से खतौली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेगराजपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट होना बताया है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था निहाल
मृतक छात्र निहाल अपने चार भाई-बहनों में तीन बहनों का इकलौता भाई था। त्योहार के ठीक एक दिन पहले इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां पर दुखों का पहाड़ टूट गया। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर किसी की आंखें नम हैं। मृतक छात्र के पिता प्रमोद कुमार ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उनका बेटा रोज की तरह शनिवार सुबह बिल्कुल ठीक-ठाक स्कूल गया था। पटेल की जयंती पर स्कूल में खेलकूद चल रहा था। बच्चा खेल रहा था तभी अचानक नीचे गिर गया और चक्कर आ गया। मास्टर जी ने तुरंत फोन कर सूचना दी और एम्बुलेंस से खतौली अस्पताल ले गए। बाद में हम उसे बेगराजपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने 10 मिनट देखने के बाद बताया कि बच्चे की धड़कन बंद हो चुकी है और शरीर फूला हुआ है। डॉक्टर ने हार्ट अटैक की बात कही है। हमारे चार बच्चे हैं, तीन लड़कियां और एक इकलौता बेटा निहाल, जो सरकारी स्कूल में पढ़ता था। उसे पहले कभी कोई बीमारी नहीं थी। घटना की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। मुजफ्फरनगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संदीप कुमार ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि खेलकूद के दौरान छात्र के बेहोश होने और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने की जानकारी मिली है। डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक मौत की वजह कार्डियक अटैक बताई जा रही है।
