मुंबई

गोरखपुर-मुंबई ट्रेन में बम! मचा हड़कंप; GRP ने किया ये काम

दो ट्रेन में बम होने की सूचना से सनसनी फैल गई। कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन को बलिया रेलवे स्टेशन और दादर एक्सप्रेस ट्रेन को औड़िहार रेलवे स्टेशन पर रोककर ट्रेन की सघन तलाशी ली जा रही है।

Image

कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन

बलिया: गोरखपुर और बलिया से प्रयागराज होकर मुंबई तक जाने वाली दो एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना के बाद अफरातफरी मच गई और दोनों ट्रेन को रुकवा कर उनकी सघन तलाशी ली जा रही है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के मीडिया प्रभारी श्याम बाबू ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस प्रयागराज को सोशल मीडिया के माध्यम से मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे सूचना प्राप्त हुई कि बलिया से मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन और गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दादर एक्सप्रेस ट्रेन में बम है।

उन्होंने बताया कि इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन को बलिया रेलवे स्टेशन और दादर एक्सप्रेस ट्रेन को औड़िहार रेलवे स्टेशन पर रोककर ट्रेन की सघन तलाशी ली जा रही है। इस कार्य में जिला प्रशासन के साथ ही राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी जुटे हुए हैं।

राजकीय रेलवे पुलिस के गोरखपुर स्थित नियंत्रण कक्ष के अनुसार, दोनों रेल गाड़ियों को सघन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं होने के बाद उनके गंतव्यों के लिए रवाना कर दिया गया। निरीक्षण अभियान की वजह से दोनों रेलगाड़ियां लगभग तीन घंटे के विलंब से रवाना हुईं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article