शहर

मुंबई के वर्ली में LPG ब्लैक मार्केटिंग का भंडाफोड़, विजिलेंस विभाग ने जब्त किया गैस सिलेंडरों का जखीरा

मुंबई में गैस सिलेंडरों की किल्लत और बढ़ती मांग के बीच विजिलेंस विभाग ने एक बड़े काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। वर्ली के रिहायशी इलाके में लापवाही के साथ गैस सिलेंडरों को जमा कर उसे ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह पर प्रशासन ने रेड कर भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए हैं।

Image

LPG की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़ (सांकेतिक चित्र : ANI)

Photo : ANI

Mumbai LPG News: देश के तमाम हिस्सों में LPG संकट की खबरों के बीच मुंबई में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक गिरोह पर विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को वर्ली इलाके में चलाए गए एक गुप्त ऑपरेशन के दौरान अधिकारियों ने अवैध रूप से स्टोर किए गए दर्जनों सिलेंडरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई न केवल आर्थिक अपराध बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

चॉल के भीतर छिपाया गया था सिलेंडरों का भंडार

प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्ली नाका स्थित गणपतराव कदम मार्ग पर 'सूरज वल्लभदास चॉल' के भीतर गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक रखा गया है। विजिलेंस की मोबाइल टीम और ऑफिस नंबर 21 के अधिकारियों ने जब इस सूचना पर रेड मारी, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के बड़ी संख्या में सिलेंडर जमा किए गए थे।

HP और सुपर गैस के 172 सिलेंडर बरामद

इस छापेमारी में अधिकारियों ने विभिन्न कंपनियों और साइज के कुल 172 सिलेंडर बरामद किए हैं। जिसमें HP गैस के 5 किलोग्राम वाले 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर मिले, सुपर गैस के 4 किलोग्राम वाले 64 भरे हुए और 12 किलोग्राम वाले 19 भरे हुए सिलेंडर मिले और इसके अलावा 12, 4 और 2 किलोग्राम के 25 अन्य खाली सिलेंडर भी बरामद किए गए।

रिफिलिंग कर ऊंचे दामों पर बेचने की थी तैयारी

जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का काम छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिल करना और उन्हें ब्लैक मार्केट में मनमाने दामों पर बेचना था। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, रिहायशी इलाके में इस तरह अवैध रिफिलिंग करना किसी बड़े धमाके को दावत देने जैसा था। जब्त किया गया सारा स्टॉक कानूनी कार्रवाई के लिए वर्ली पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत डीलरों से ही सिलेंडर लें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या विजिलेंस विभाग को दें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article