Weather Update: मानसून ने अप रफ्तार पकड़ ली है। देश के कई इलाकों में इन दिनों झमाझम और कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश (Mumbai Rain) से आज जनजीवन अस्त-व्यस्त है। कई जगह पटरियों के नीचे से मिट्टी बह गई है। कुछ इलाकों में पानी जमा (Waterlogging) की समस्या देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब महाराष्ट्र के अन्य इलाकों, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार तक भी पहुंच चुका है। इस बीच आज यानी बुधवार 24 जून को दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान भी आ सकता है।
पिछले कुछ हफ्तों में भीषण गर्मी के बाद सोमवार से मुंबई में बारिश का दौर शुरू हो गया। सोमवार और मंगलवार को हुई बारिश के चलते आम मुंबईकर ने राहत की सांस ली। लेकिन बुधवार तड़के से हो रही बारिश ने यहां के जनजीवन और यातायात को बुरी तरह से प्रभावित किया है। कई जगहों पर पेड़ गिर गए हैं, जिससे गाड़ियों और अन्य जरूर सामान को नुकसान पहुंचा है। मुंबई के निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में मुंबई और आसपास के शहरों में और ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक बिजली कड़कने और और तेज हवाओं के साथ कई राज्यों में कल यानी गुरुवार 25 जून तक तूफान की आशंका है। इसमें देश की राजधानी दिल्ली के साथ ही हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने बिहार, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, गोवा और कई उत्तर-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की संभावना जतायी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UP Weather Today: मानसून आने से पहले यूपी में गर्मी और बारिश की जंग, आज कौन होगा हावी? देखें IMD का अलर्ट
क्या आज दिल्ली में बारिश होगी?
जी हां, आज दिल्ली के कई इलाकों में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के साथ ही NCR के प्रमुख शहर गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में कल भी धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई थी। मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों को प्रचंड गर्मी के काफी हद तक राहत मिली। जहां इस पूरे क्षेत्र में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Mumbai Monsoon 2026 : मॉनसून की एंट्री के साथ मुश्किलों की बरसात! पटरियों के नीचे मिट्टी बही; ट्रांस हार्बर लाइन पर 24 लोकल कैंसिल
उत्तर प्रदेश के किन-किन शहरों में बारिश होगी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में बलिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली और जौनपुर सहित कई अन्य इलाकों में अगले दो-तीन दिन में मध्यम से भारी बारिश होगी। इन शहरों में रहने वाले लोगों के आग्रह किया गया है कि वे समय-समय पर आने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करें बारिश के दौरान बाहर निकलने से बचें।
