Mumbai Rain Alert : मुंबई में मानसून की जोरदार दस्तक के साथ भारी बारिश का असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला। ट्रांस हार्बर लाइन पर तुर्भे और कोपरखैरणे के बीच पटरियों के नीचे की मिट्टी बह जाने से ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते बुधवार सुबह तक 24 लोकल ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। मध्य रेलवे के अनुसार, ट्रैक की मरम्मत का काम पूरा कर प्रभावित खंड पर रेल यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा कारणों से तुर्भे और वाशी के बीच ट्रेनों की गति सीमित रखी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं, हालांकि बाद में परिचालन शुरू कर दिया गया।
हाईटाइड की आशंका
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए सुबह सात बजे ऑरेंज अलर्ट जारी किया। इससे पहले विभाग ने तड़के चार बजे तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, बिजली गिरने, अत्यधिक भारी वर्षा और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद से बारिश जारी है। अनुमान है अगले कई घंटों तक मौसम खराब रहेगा। लोगों को समुद्र किनारे जाने से रोका जा रहा है। दोपहर में हाईटाइड की आशंका जताई जा रही है।
मुंबई में कहां कितनी बारिश?
- राम मंदिर-224 MM
- कोलाबा-218 MM
- सांताक्रूज-210.6 MM
- सायन-182.5 MM
- विक्रोली-181.7 MM
- विद्याविहार-180.7 MM
- चेंबुर-180.0 MM
- बायकुला-164.0 MM
- बांद्रा-161.5 MM
- जुहू एयरपोर्ट-150.5 MM
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Mumbai Rain: मुंबई में भारी बारिश बनी मुसीबत, लोकल रेल सेवा चरमराई, ट्रांस हार्बर रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप
बीएमसी की पोल खुली
मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि भारी बारिश के बावजूद शहर के प्रमुख मार्ग खुले रहे और सड़क यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। अधिकारियों के अनुसार, उपनगरीय रेल नेटवर्क के अधिकांश हिस्सों में सेवाएं सामान्य रहीं और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की बस सेवाओं पर भी कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस वर्ष अपनी सामान्य तिथि से 13 दिन की देरी से मंगलवार को मुंबई पहुंचा है। आमतौर पर मुंबई में मानसून 10 जून तक दस्तक दे देता है। मानसून के आगमन के साथ ही शहर को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने निचले इलाकों और रेल नेटवर्क के लिए चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अब अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला रुक-रुककर जारी रह सकता है। ऐसे में जलभराव के साथ कई अन्य मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल प्रशासन और रेलवे अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।
