Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी थाना क्षेत्र के अंगारी गांव में जमीन के एक छोटे से टुकड़े को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे बचाओ-बचाओ चिल्लाते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग महिला के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
जमीन विवाद में महिला की पिटाई
पीड़ित खेरू राम मीणा का आरोप है कि जमीन को लेकर हुए विवाद में दूसरे पक्ष के लोगों ने महिला सहित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार का कहना है कि विवाद लंबे समय से चल रहा था, लेकिन उस दिन बात इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष के लोग एकजुट होकर आए और महिला को निशाना बनाकर मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बच्चे डर के मारे रोते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी नहीं रुके।
परिवार का आरोप- पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया मामला
पीड़ित का कहना है कि वे मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पारिवारिक विवाद बताते हुए मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए। आरोपों के अनुसार, मारपीट में शामिल एक व्यक्ति कजोड़ी दिल्ली में डीटीसी बस में कर्मचारी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी अपनी नौकरी और रसूख का डर दिखाकर उन्हें दबाने की कोशिश करता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- नोएडा में खुले नाले ने फिर ली इंसान की जान, तीन दिन बाद मिली लाश
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन जैसे छोटे विवादों में इस तरह की हिंसा पूरे गांव की शांति को खराब करती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो। फिलहाल पुलिस मामले को लेकर जांच और कार्रवाई कर रही है। पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद है।
