शहर

देसी लुक में नए SSP की मेरठ में एंट्री, चार्ज संभालते ही अपराधियों को सख्त संदेश; जीरो टॉलरेंस पर होगा काम

उत्तर प्रदेश के मेरठ के नए SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार को धोती-कुर्ते में पहुंचकर पदभार संभाला। उन्होंने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता बताते हुए अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के तहत व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया।

Image

मेरठ के नए SSP बीबीजीटीएस मूर्ति

मेरठ : मेरठ के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबीजीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार को पदभार संभाल लिया। तेलंगाना से ताल्लुक रखने वाले बीबीजीटीएस मूर्ति पारंपरिक धोती-कुर्ता पहनकर मेरठ पहुंचे। सर्किट हाउस में पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने मेरठ SSP का चार्ज संभाला। SSP को रिसीव करने के लिए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार समेत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी सर्किट हाउस पहुंचे।

धोती कुर्ते में एसएसपी कार्यलय पहुंचे एसएसपी

चार्ज संभालने के लिए पहुंचे एसएसपी देसी अंदाज में नजर आए। वे धोती कुर्ते में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने महरून कलर का कुर्ता और सफेद रंग की धोती पहन रखी थी। गाड़ी से उतरते ही उन्होंने पुलिस के आलाधिकारियों से मुलाकात की और मेरठ में चल रहीं आपराधिक गतिविधियों के विषय में जानकारी ली।

चार्ज संभालने के बाद बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी सख्ती से काम किया जाएगा और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने महिला और बाल सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। SSP ने कहा कि साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए प्रभावी टीम तैयार कर काम को और मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर करना है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article