शहर

Meerut News: दारोगा पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप; भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार

Meerut News: मेरठ में तैनात 2023 बैच के सब इंस्पेक्टर ललित मोहन के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी दरोगा केस दर्ज होने की भनक लगते ही मेडिकल थाने से छुट्टी लेकर फरार हो गया है।

Image

इनसेट में आरोपी ललित मोहन

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां मेडिकल थाने की तेज घड़ी चौकी पर तैनात 2023 बैच के सब इंस्पेक्टर ललित मोहन के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में शादी से मुकरने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर मेरठ के भावनपुर थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज होने की सूचना मिलते ही आरोपी दरोगा मेडिकल थाने से छुट्टी लेकर चला गया और तब से ही वह फरार है।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में हुई थी पहली मुलाकात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शामली की रहने वाली 29 वर्षीय स्नातकोत्तर पास युवती सितंबर 2025 में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU), मेरठ में अपनी डिग्री लेने आई थी। उस समय विश्वविद्यालय परिसर में ड्यूटी पर तैनात दरोगा ललित मोहन ने उसकी समस्या पूछी और डिग्री दिलाने में मदद का आश्वासन देते हुए अपना मोबाइल नंबर दे दिया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। युवती का आरोप है कि 10 जून 2026 को UPPSC परीक्षा की तैयारी के लिए नोट्स देने के बहाने दरोगा ने उसे दिल्ली से मेरठ बुलाया। देर होने पर शामली न जाकर अपने आवास पर रुकने की बात कही।

शादी का झांसा देकर दो बार बनाए शारीरिक संबंध

पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, दरोगा ने भरोसा दिलाया कि वे दोनों एक ही जाति के हैं, इसलिए शादी में कोई रुकावट नहीं आएगी। पहला वाकया 10 जून का है, जब दारोगा नोट्स देने के बहाने कमरे में आया और शादी का वादा करते हुए युवती की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। दूसरी बार 19 जून को RRB परीक्षा के बाद दारोगा ने उसे दोबारा मिलने बुलाया और फिर से शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो दरोगा ने साफ इनकार कर दिया। कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देने पर आरोपी ने धमकी दी कि वह पुलिस में है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। इसके बाद आरोपी ने युवती के खाते में 10 हजार रुपये भेजे, जिसे युवती ने तुरंत वापस लौटा दिया और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी दरोगा की तलाश जारी

पीड़िता का आरोप यह भी है कि थाने में उस पर समझौते का दबाव बनाने की कोशिश की गई। हालांकि मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद भावनपुर थाने में आरोपी के खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article