Mathura News: यूपी के अधिकतर शहरों में पर्यटन को बढ़ाने के लिए सरकार कई योजनाएं बना रही है। वाराणसी और अयोध्या के बाद अब मथुरा-वृंदावन में पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है। हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां कृष्ण भगवान के दर्शन के लिए आते हैं। बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सरकार मथुरा-वृंदावन में क्रूज शुरू करने की तैयार कर रही है। इसका लाभ न केवल मथुरा के लोगों को बल्कि देश-दुनिया से आने वाले सभी पर्यटकों को मिलेगा। ये सौगात मथुरा आने वाले सभी पर्यटकों के लिए है। बता दें कि गरुड़ क्रूज को हाईटेक सुविधाओं के साथ बनाया गया है। इस क्रूज को वृंदावन के केशी घाट पर यमुना में उतार दिया गया है।
एक बार में 50 लोग करेंगे यात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, यमुना की सैर करने की इच्छा रखने वाले पर्यटक केशी घाट से क्रूज का लुत्फ उठा सकते हैं। इस क्रूज में एक बार में 50 लोग यात्रा कर सकते हैं। हाईटेक सुविधाओं से भरे इस क्रूज में खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध है। यहां यात्रियों को तरह-तरह के स्नैक्स, फ्रूट जूस मिलेंगे। यात्री क्रूज में 45 से 60 मिनट तक यात्रा कर सकते हैं। यात्री गरुड़ क्रूज में वृंदावन से गोकुल तक का सफर तय करेंगे।
इतने की होगी टिकट
गरुड़ क्रूज के कप्तान ने बताया कि क्रूज का किराया 450 प्रति व्यक्ति है। क्रूज का किराया मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इतना ही नहीं भक्तों के लिए विशेष सुविधाएं भी की गई है। इसमें एसी, टीवी और पंखे की भी सुविधा है। क्रूज में बड़े-बड़े शीशे लगाए गए हैं ताकि श्रद्धालु यमुना के दीदार बिना किसी परेशानी के कर सकें।
क्रूज का ट्रायल
जानकारी के अनुसार, क्रूज का उद्घाटन 10 मई को किया गया था। उद्घाटन के बाद से क्रूज को ट्रायल के लिए चलाया जा रहा है। क्रूस के कप्तान ने बताया कि ट्रायल पूरा होने के बाद प्रशासन से अनुमति मिलने पर यात्री क्रूज का लुत्फ उठा सकेंगे। उन्होंने ये भी बताया कि यमुना में पानी बढ़ने के साथ ही क्रूज की सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।
