Godhra House Fire Incident: गुजरात के गोधरा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां वृंदावन नगर-2 इलाके के एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई। घटना 21 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रखे सोफे में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में धुआं पूरे घर में भर गया, जिससे परिवार के सदस्यों का दम घुट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ए डिविजन पुलिस स्टेशन के अधिकारी आर.एम. वसैया के अनुसार, हादसे के समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। ऐसे में, तभी आग लगी और कुछ ही देर में पूरे घर में धुआं भर गया, जिससे चारों की सांस घुट गई और उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान जौहरी कमल दोशी (50), उनकी पत्नी देवलबेन (45) और उनके दो बेटे देव (24) व राज (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोशी परिवार अपने एक बेटे की सगाई की तैयारियों में व्यस्त था और शुक्रवार सुबह उन्हें वापी के लिए रवाना होना था।
पुलिस अधिकारी आर.एम. वसैया ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर पर लगे स्प्लिट एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे पास रखे लकड़ी के फर्नीचर ने आग पकड़ ली। घर में फैले भारी धुएं के कारण चारों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनमें से एक व्यक्ति को जलने के भी निशान मिले हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आग की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जब बचावकर्मी घर के भीतर दाखिल हुए तो सभी चार लोग बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
(इनपुट - भाषा)
