शहर

असम के सोनितपुर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा, कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोगों की मौत

Assam Accident: असम के सोनितपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। रंगापारा थाना क्षेत्र के बालीपारा में कार और सामने से आ रहे ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, कार सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

Image

असम के सोनितपुर में भीषण सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Assam Accident: असम के सोनितपुर जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना रंगापारा थाना क्षेत्र के बालीपारा इलाके में हुई, जहां एक कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दुर्घटना बालीपारा में एक पेट्रोल पंप के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सड़क पर आगे बढ़ रही थी, तभी उसकी भिड़ंत विपरीत दिशा से आ रहे एक कमर्शियल ट्रक से हो गई। टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोगों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और शवों को कब्जे में लिया।

कहां के रहन वाले थे मृतक?

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हर गोबिंदा हजोअरी, नयन स्वर्गियारी, पप्पू बोरा, प्रांजल बनिया और संजय मेच के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी मृतक सोनितपुर जिले के घोरामारी बाटाबारी इलाके के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

पूरे मामले की जांच शुरू

दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। ट्रक चालक के पकड़े जाने के बाद हादसे को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article