शहर

UP : मां-बेटे की दम घुटकर मौत, पोखर में मिली ससुर की डेडबॉडी; हत्या या हादसा?

उत्तर प्रदेश के बलिया में मां-बेटे की आग से दम घुटकर मौत के 24 घंटे बाद महिला के ससुर का शव पोखरे में मिला है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आइये जानते हैं मामला क्या है?

Image

(सांकेतिक फोटो-Istcok)

बलिया : जिले के गड़वार थानाक्षेत्र के चिलकहर गांव में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में आग लगने से 22 वर्षीया एक महिला और उसके चार साल के बेटे की दम घुटने से मौत होने की घटना के 24 घंटे बाद मंगलवार को महिला के ससुर का शव एक मंदिर के पोखरे में मिला। पुलिस के अनुसार मामले में महिला के पिता की तहरीर पर उसके जेठ, सास और ससुर के विरुद्ध हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में नामजद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दो आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार सोमवार तड़के एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में आग लगने के कारण रिंकी (22) व उसके बेटे धीरज (चार) की दम घुटने से मृत्यु हो गई थी। पुलिस के अनुसार इसके साथ ही रिंकी के पति नीरज चौरसिया (24) घायल हो गए थे।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि उसी दुकान में रहने वाले महिला के ससुर झूलन चौरसिया (65) का काफी खोज-बीन के बाद भी पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया कि झूलन के ज्येष्ठ पुत्र पंकज चौरसिया द्वारा मंगलवार को पुलिस को सूचना दी गई कि झूलन चौरसिया का शव गांव के ही शिव मन्दिर पोखरे में पड़ा है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार रिंकी के पिता एवं रसड़ा थानाक्षेत्र के परसिया गांव निवासी पुरुषोत्तम चौरसिया की तहरीर पर झूलन चौरसिया, उनकी पत्नी कांति देवी और उनके बेटे पंकज चौरसिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की हत्या व अपराधिक साजिश से संबंधित धारा जी के तहत नामजद मामला गड़वार थाने में दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार पुरुषोत्तम चौरसिया ने तहरीर में आरोप लगाया है कि नीरज को आगे बढ़ते देखकर पंकज उससे द्वेष रखता था तथा पंकज चौरसिया, उसके पिता झूलन चौरसिया और मां कांति देवी ने षड्यंत्र के तहत साजिश करके दुकान में आग लगाकर घर के बाहर ताला बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार पुरुषोत्तम चौरसिया ने तहरीर में आरोप लगाया है कि आग लग जाने की वजह से कमरे के अंदर सोई रिंकी व उसके बेटे धीरज की दम घुटने के कारण मौत हो गई और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें