शहर

Rajasthan: भीलवाड़ा–झालावाड़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; क्रिकेट सट्टा गिरोह और ड्रग माफिया पर डबल अटैक

राजस्थान में अपराध के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। भीलवाड़ा में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने करोड़ों के अवैध लेन-देन का खुलासा किया है। वहीं झालावाड़ में नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया है।

Image

राजस्थान में सट्टेबाजी और ड्रग माफिया पर बड़ी कार्रवाई (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। भीमगंज थाना पुलिस ने नेहरू विहार इलाके में चल रहे एक संगठित सट्टा अड्डे पर छापा मारकर क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 49 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 2 टैबलेट, सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण और करोड़ों रुपये के लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के अनुसार, यह कार्रवाई 29 जनवरी को की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश दी, जहां मकान के तीन कमरों में सट्टेबाजी का पूरा सेटअप मिला। कमरों में रखी बड़ी टेबलों पर लैपटॉप और बिजली से जुड़े कई मोबाइल लगातार चालू थे, जिनके जरिए आरोपी सट्टे के भाव बता रहे थे और दांव लगवा रहे थे। पुलिस को मौके पर देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन चारों तरफ से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।

ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के मैच पर ऑनलाइन सट्टा

पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टे की खाईवाली कर रहे थे। इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का गलत इस्तेमाल कर आम लोगों को सट्टे के भाव बताए जाते थे और उनसे दांव लगवाए जाते थे, जिससे एक पक्ष को अवैध मुनाफा होता था जबकि दूसरे पक्ष को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। सट्टेबाजी के इस नेटवर्क में अन्य व्यक्तियों के सिम कार्ड और मोबाइल फोन का भी उपयोग किया जा रहा था, जिससे यह मामला एक संगठित अपराध के रूप में सामने आया।

ये आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने गोविंद पुत्र पुरुषोत्तम तेजवानी निवासी सुभाषनगर, चंदन पुत्र जगदीश फतनानी निवासी शास्त्रीनगर, तरुण पुत्र नरेश कुमार करनानी निवासी शास्त्रीनगर, मूलचंद पुत्र गोविंदराम निवासी शास्त्रीनगर, आरिफ अंसारी पुत्र मोहम्मद असलम निवासी मोमिन मोहल्ला थाना भीमगंज और कमलेश पुत्र धर्मराज कलवानी निवासी नाथद्वारा सराय को गिरफ्तार किया है। भीमगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है। साथ ही सट्टा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ऑनलाइन लेन-देन की कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।

अवैध कब्जे पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई

इधर, झालावाड़ जिले के मिश्रोली ब्लॉक स्थित आमलिया खेड़ा गांव में नशा तस्करों द्वारा किए गए अवैध कब्जे पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने चारागाह भूमि पर बने इस गैरकानूनी निर्माण को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कदम एमडी ड्रग्स की एक बड़ी फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद उठाया गया, जहां से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की 2 किलो तैयार एमडीएम और 130 किलो केमिकल ड्रग्स बरामद किए गए थे। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, इस अवैध निर्माण का मालिक गोपाल सिंह पुत्र मांगू सिंह बताया जा रहा है। मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article