शहर

Mumbai Weather: मुंबई में मूसलाधार बारिश से हवाई यातायात पर असर, स्पाइसजेट ने यात्रियों से की फ्लाइट स्टेटस चेक करने की अपील

मुंबई में मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के कारण स्पाइसजेट ने यात्रा चेतावनी जारी की है। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें।

Image

खराब मौसम के कारण फ्लाइट्स पर असर

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में जारी मूसलाधार बारिश और लगातार खराब बने हुए मौसम का सीधा असर अब विमान सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। बिगड़े मौसम और कम दृश्यता की स्थिति को देखते हुए बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) ने अपने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (BOM) से होने वाले सभी उड़ाने और उनसे जुड़ी कनेक्टिंग उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।

'घर से निकलने से पहले जांचें उड़ान का स्टेटस': स्पाइसजेट

स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यात्रियों को सतर्क किया है। स्पाइसजेट ने लिखा कि "#WeatherUpdate : मुंबई (BOM) में खराब मौसम और भारी बारिश के कारण सभी प्रस्थान, आगमन और उनसे जुड़ी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की अपडेटेड स्थिति (Flight Status) की जांच नियमित रूप से करते रहें।"

मुंबई में मानसून का कहर

मुंबई में बीते कुछ हफ्तों से रुक-रुक कर और कई इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश दर्ज की जा रही है। इससे पहले भी तेज बारिश, बादलों की तेज आवाजाही और कम विजिबिलिटी के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर कई विमानों को हवा में चक्कर लगाने पर मजबूर होना पड़ा था, जबकि कई फ्लाइट्स को पास के नजदीकी हवाई अड्डों पर डाइवर्ट करना पड़ा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के कई हिस्सों के लिए बारिश का अलर्ट जारी कर रखा है। बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी पैदा हो गई है, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई है और लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।

यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश

बिगड़े मौसम के कारण हवाई अड्डे पर होने वाली भारी भीड़, उड़ानों में देरी और अंतिम समय में किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर लाइव PNR/फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करना चाहिए। सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए घर या होटल से अतिरिक्त समय लेकर निकलें ताकि सही समय पर एयरपोर्ट पहुंचा जा सके। एयरलाइन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी रियल-टाइम वेदर अलर्ट पर नजर बनाए रखें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article