शहर

Pune: पुणे के मावल में पहाड़ दरकने से मलबे में दबा पूरा परिवार; अब तक दो की मौत

Pune Landslide News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के मावल तालुका स्थित पाटन गांव में सोमवार सुबह भीषण भूस्खलन हुआ है। हादसे में दो व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन मलबे में दबे अन्य लोगों के रेस्क्यू में जुटा है।

Image

NDRF का रेस्क्यू अभियान जारी

Photo : Times Now Digital

Pune Landslide: महाराष्ट्र में मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों मे 'रेड अलर्ट' जारी किया है, पुणे में भी इस अलर्ट के बीच मूसलाधार बारिश का कहर जारी है।खराब मौसम के चलते ही सोमवार की सुबह पुणे जिले के मावल तालुका स्थित सुदूर पाटन गांव से एक बेहद दर्दनाक और भयावह खबर सामने आई। यहां तड़के हुए एक भीषण भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया, जिससे एक ही परिवार के कई लोग मलबे के नीचे दब गए। जिला प्रशासन ने इस हादसे में दो व्यक्तियों की मौत की पुष्टि कर दी है, जबकि अन्य लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है।

NDRF की 30 सदस्यीय टीम मौके पर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) से मदद मांगी। पुणे के सुपा स्थित 5वीं बटालियन से इंस्पेक्टर रविंदर के नेतृत्व और असिस्टेंट कमांडेंट चंद्रकेतु शर्मा की देखरेख में 30 सदस्यीय अत्याधुनिक टीम को सुबह 5:50 बजे ही आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। फिलहाल PMRDA, स्थानीय प्रशासन और NDRF की टीमें बेहद चुनौतीपूर्ण और अस्थिर भूभाग के बीच मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

लोनावला राजमाची किला मार्ग बंद, उफान पर पावना नदी

मावल क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण केवल पाटन गांव ही नहीं, बल्कि पूरा इलाका प्रभावित है। इससे पहले रविवार को लोनावला में राजमाची किले की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक विशाल लैंडस्लाइड हुआ था, जिससे सड़कों पर मलबे का पहाड़ जमा हो गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। रास्ता साफ करने के लिए JCB को काम पर लगाया गया है। इसके साथ ही, भारी बारिश के चलते पिंपरी-चिंचवाड़ के रावेत इलाके में बहने वाली पावना नदी का जलस्तर बेहद तेजी से बढ़ गया है और नदी उफान पर है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article