शहर

कशेड़ी घाट में भारी लैंडस्लाइड से मुंबई-गोवा हाईवे ठप; पहाड़ों से सड़क पर गिरा मलबा, दोनों तरफ लगी गाड़ियों की कतारें

महाराष्ट्र के रत्नागिरी-रायगढ़ सीमा पर स्थित कशेड़ी घाट में सोमवार तड़के भारी भूस्खलन होने से मुंबई-गोवा हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क पर भारी चट्टानें गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं।

Image

रत्नागिरी-रायगढ़ सीमा पर तड़के दरकी चट्टानें

Photo : Times Now Digital

Mumbai Goa Highway Blocked: महाराष्ट्र में जारी मूसलाधार बारिश के चलते कोंकण क्षेत्र और प्रमुख राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं। रत्नागिरी और रायगढ़ जिले की सीमा पर स्थित कशेड़ी घाट में नए मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के करीब 1:30 बजे एक बड़ा भूस्खलन हो गया। इस हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई-गोवा हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है।

कशेड़ी घाट में भूस्खलन

प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कशेड़ी घाट में स्थित होटल अनुसया से महज 100 मीटर की दूरी पर पहाड़ों से भारी मात्रा में विशालकाय चट्टानें, बोल्डर और भारी मलबा अचानक खिसककर सीधे मुख्य सड़क पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।तड़के हुए इस भूस्खलन के बाद से पिछले करीब आठ घंटों से अधिक समय से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की मील लंबी कतारें लग चुकी हैं। इस जाम में सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियां, बसें और जरूरी चीजें को ले जाने वाले ट्रक फंसे हुए हैं, जिसके कारण यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को पीने के पानी और भोजन के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार बारिश से मिट्टी धंसी, युद्धस्तर पर बहाली का काम जारी

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पिछले कई दिनों से कोंकण और घाट क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार और अनवरत बारिश के कारण पहाड़ों की मिट्टी पूरी तरह ढीली होकर धंस गई, जिसके चलते यह भूस्खलन हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए NHAI, स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पटरियों और सड़कों से बोल्डर हटाने के लिए JCB और अन्य भारी पोकलेन मशीनों को काम पर लगाया गया है। मलबे को हटाने और रास्ता साफ करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता हाईवे को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुरक्षित रूप से बहाल करना है।

अभी कशेड़ी घाट जाने से बचें

कशेड़ी घाट क्षेत्र में वर्तमान में भी लगातार रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है, जिससे मौके पर काम कर रहे बचाव दल को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए पहाड़ियों से और अधिक भूस्खलन होने का खतरा लगातार बना हुआ है।

रायगढ़ और रत्नागिरी जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से वाहन चालकों और आम जनता से अपील की है कि जब तक बेहद जरूरी न हो, इस मार्ग से यात्रा करने से पूरी तरह बचें। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो, तो वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलें और राजमार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों व प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे सभी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article