Bhiwandi Building Collapse News Update: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में एक चार मंजिला मकान का हिस्सा ढह गया। शुक्रवार तड़के भंडारी कंपाउंड के गंगाराम वाड़ी (तावाड़े कंपाउंड) इलाके में स्थित चार मंजिला 'कोहिनूर अपार्टमेंट' के 'बी' विंग का एक हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गया। इस हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के फंसे होने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही NDRF, TDRF, भिवंडी महानगरपालिका, स्थानीय दमकल विभाग और पुलिस बल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
मलबे से निकाले गए 7 शव
बचाव दल ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए मलबे से दो लोगों को जीवित बाहर निकाला था, लेकिन मलबे के नीचे कई अन्य मजदूरों के फंसे होने के कारण खतरा बना हुआ था। अपडेट के अनुसार, राहत कर्मियों ने कटर मशीन से सरिया और कंक्रीट काटकर मलबे से 7 शव बाहर निकाले हैं। सातों मृतकों के शवों को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए IGM सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मलबे में 8 से अधिक मजदूरों के फंसे होने की संभावना जताई जा रही है, जिनकी तलाश के लिए बचाव कार्य लगातार जारी है।
चार बार जारी हो चुका था नोटिस
स्थानीय विधायक महेश चौघले ने दुर्घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि इमारत का जो हिस्सा ढहा है, वह पहले से ही खाली करा लिया गया था। प्रशासन की ओर से इस जर्जर इमारत को खतरनाक घोषित कर 4 बार नोटिस जारी किया जा चुका था। विधायक के अनुसार, इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था और कुछ मजदूर अपना सामान निकालने व काम के सिलसिले में अंदर गए हुए थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मौके पर कड़ा सुरक्षा घेरा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
भिवंडी महानगरपालिका और आपातकालीन विभाग की टीमें जेसीबी और भारी उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम कर रही हैं। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को सील कर दिया है ताकि आम लोगों की आवाजाही को रोका जा सके और रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा न आए। प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे संभावित लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने पर केंद्रित है।
