हैमिल्टन: न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की श्रृंखला के अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को भारत को सात विकेट से शिकस्त दी। भारत ने शुरुआती तीन मैच जीतकर पहले ही शृंखला जीत ली थी न्यूजीलैंड हालांकि आखिरी दो मैच जीतने में सफल रहा। भारत को आठ विकेट पर 191 रन पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट न 93 और ग्लेन फिलिप्स ने नाबाद 65 रन का योगदान दिया।
भारत ने बनाए 8 विकेट पर 191 रन
भारतीय टीम ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत आठ विकेट पर 191 रन का स्कोर खड़ा किया था। तेज गेंदबाज एडम मिल्ने की अगुवाई में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए सीरीज के पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 191/8 रन ही बनाने दिए। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन बीच के ओवरों में उसने तेजी से रन बनाए और डेथ ओवरों में फिर से कुछ खास नहीं कर पाए। अय्यर (23 गेंद पर 50) और किशन (32 गेंद पर 61) ने सात से कुछ अधिक ओवर में 107 रन की साझेदारी की। पिच से तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही थी, लेकिन अय्यर और किशन इससे बिल्कुल भी परेशान नहीं दिखे।
ईशान ने धीमी शुरुआत के बाद हासिल की लय
किशन ने थोड़ी धीमी शुरुआत की और पहली 11 गेंदों में केवल 13 रन बनाए, लेकिन एक बार लय में आने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ की गेंद पर लॉन्गऑफ पर चौका और ब्लेयर टिकनर की गेंद पर प्वाइंट के ऊपर से छक्का जड़कर उन्होंने अपना आक्रामक रवैया दिखाया। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 में अपना पहला शतक लगाने के बाद अय्यर कुछ खास नहीं कर पाए थे। उन्होंने स्मिथ की गेंद पर छक्का लगाकर शुरुआत की और इसके बाद भी कुछ दर्शनीय शॉट लगाए। उन्होंने ऑफ स्पिनर माइकल ब्रैसवेल पर लगातार 6, 4, 6 रन बनाए। इसमें आखिरी छक्का 100 मीटर की दूरी तक गया।
श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने खेली अर्धशतकीय पारी
किशन ने ब्रेसवेल की गेंद पर छक्का लगाकर 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि 40 रन पर जीवनदान पाने वाले अय्यर ने भी जल्द ही उनका अनुसरण करते हुए स्मिथ की गेंद पर चौका लगाकर 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन न्यूजीलैंड ने ठीक उसी समय वापसी की और टिकनर ने 11वें ओवर में किशन को स्मिथ के हाथों कैच करा दिया। इसके अगले ओवर में स्मिथ ने अय्यर को आउट किया। उन्होंने पुल करने के प्रयास में विकेटकीपर टिम सीफर्ट को कैच दिया।
मिल्ने ने भारतीय बल्लेबाजी की तोड़ी कमर
इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई क्योंकि तिलक वर्मा (06), नमन धीर (33) और नीतीश कुमार रेड्डी (22) बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। मिल्ने ने शानदार गेंदबाजी का नजारा पेश करके 19 रन देकर चार विकेट लिए जबकि स्मिथ और टिकनर ने दो-दो विकेट हासिल किए। लगातार विकेट गिरने के कारण भारत 14वें और 20वें ओवर के बीच केवल 57 रन ही बना सका। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 19 रन पर सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के विकेट गंवा दिए थे। इन दोनों को मिल्ने ने पवेलियन की राह दिखाई।
(भाषा)
