शहर

Jalna News: जालना में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद; 22 तलवारें और 15 खंजर जब्त, शातिर बदमाश गिरफ्तार

Jalna News: जालना के सुंदरनगर में चंदनझिरा पुलिस ने छापेमारी कर 22 तलवारें, 15 खंजर और 4 चॉपर समेत 41 घातक हथियार जब्त किए हैं। 1.34 लाख रुपये के हथियारों संग एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है।

Image

41 हथियारों संग पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर

Photo : Times Now Digital

Jalna News: महाराष्ट्र के जालना शहर में गंभीर अपराधों और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंदनझिरा पुलिस ने सोमवार शाम एक बड़ी सफलता हासिल की है। सुंदरनगर इलाके में एक मकान पर औचक छापेमारी करते हुए पुलिस ने अवैध रूप से बेचने और दहशत फैलाने के इरादे से छिपाकर रखे गए 41 खतरनाक हथियार बरामद किए हैं। बरामद हथियारों की कुल बाजार कीमत लगभग 1,34,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा।

भारी मात्रा में धारदार हथियार बरामद

पुलिस की इस त्वरित और गुप्त कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए हथियारों में 22 धारदार तलवारें, 15 खंजर और 4 चॉपर हैं। जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1,34,000 रुपये बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शेख माजेद शेख लतीफ (उम्र 23 वर्ष), निवासी सुंदरनगर, जालना को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी शेख माजेद पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज शातिर अपराधी है। उसकी संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद चंदनझिरा पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सुंदरनगर स्थित उसके घर पर दबिश दी। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी इमरान उर्फ इम्मा सलीम शेख (निवासी इंदिरा नगर, जालना) फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।

हत्या और दंगे जैसे गंभीर मुकदमे, BNS धारा 111 के तहत कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह की तरह आपराधिक वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। इनके खिलाफ जालना शहर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, जानलेवा हमला, मारपीट, दंगा भड़काने और अवैध शस्त्र अधिनियम (Arms Act) के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। संगठित अपराध सिंडिकेट चलाकर शहर में भय का माहौल बनाने के कारण पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 (संगठित अपराध) के तहत भी केस दर्ज कर लिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article