UP Weather Today: पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून का असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में झमाझम बदरा बरस रहे हैं। मौसम विभाग द्वारा यहां लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है। यूपी में भारी बारिश के कारण कई गांव जलमग्न हो गए हैं वहीं कई नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की आशंका जताई जा रही है। भारी बारिश के कारण जलजमाव से लोगों की समस्याएं बढ़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी यूपी के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार से मानसून के और रंग देखने को मिलेंगे। आने वाले तीन से चार दिनों तक अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है। आइए इस बीच आपको बताएं कैसा रहेगा आज यूपी में मौसम का हाल -
यूपी के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, बहराइच, आजमगढ़, बलिया, मऊ, श्रावस्ती, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, संत कबीर नगर, जौनपुर, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, सुल्तानपुर, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में भारी बारिश अलर्ट जारी किया गया है। इसमें कुशीनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बता दें कि मानसून की शुरुआत से ही गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और इसके आसपास के जिलों में भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते नदियां खतरे के निशान पर बह रही हैं। कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। यूपी में इन 4 जिलों के अलावा 47 जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में नदियां उफान पर
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। रोज रुक-रुक कर घंटों तक हो रही भारी बारिश के कारण नदियां और नहरें उफान पर है, जिसके चलते यूपी के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई स्थान तो ऐसे भी हैं, जहां नहरों और नदियों का पानी सड़कों और कॉलोनियों तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को नदियों और नहरों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। नदियों का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
आज कैसा रहेगा यूपी में मौसम का हाल
यूपी में हो रही बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत है। कुछ जिलें ऐसे हैं जहां मानसून की शुरुआत से ही भारी बारिश हो रही है। लेकिन वहीं कुछ जिलें ऐसे भी हैं जहां बारिश का अलर्ट जारी तो किया गया लेकिन बारिश हो नहीं रही। साथ ही उन इलाकों में उमस भी बढ़ती जा रही है। यूपी के गाजियाबाद और नोएडा में लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन यहां बारिश की कुछ बूंद पड़ती है, फिर उमस भरी गर्मी शुरू हो जाती है।
यूपी में बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस साल मानसून में यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना थी। मानसून के शुरू होने से लेकर अभी तक कई जिलों में तेज झमाझम बारिश हो रही है, तो वहीं कुछ इलाके ऐसे भी हैं, जहां रुक-रुककर रिमझिम-रिमझिम बारिश हो रही है। रिमझिम बारिश से इन जिलों का मौसम सुहावना बना हुआ है।
