उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में सड़क परिवहन का बड़ा महत्व है। राज्य में एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है। राज्य से कई नेशनल हाईवे (NH) गुजरते हैं और यूपी के पास 142 स्टेट हाईवे भी हैं। जब भी आप इन स्टेट हाईवे से गुजरते होंगे तो अक्सर आपको महसूस होता होगा कि काश यह और चौड़े होते। एक्सप्रेसवे जितने चौड़े नहीं तो कम से कम नेशनल हाईवे जितने चौड़े होते तो सफर आसान हो जाता। अगर ऐसा आपने मन में कभी भी आया है तो समझ लीजिए की सरकार ने आपकी सुन ली है। चलिए जानते हैं -
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में सड़क यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए एक बड़ी योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत राज्य के 21 प्रमुख राजमार्गों को चौड़ा कर 4 लेन में बदला जाएगा। फिलहाल ये सड़कें 7 से 14 मीटर चौड़ी हैं, लेकिन अब इन्हें 14 से 25 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य ट्रैफिक जाम को कम करना, दुर्घटनाओं में कमी लाना और जिलों के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।
लोक निर्माण विभाग ने भेजा प्रस्ताव
यूपी के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इन सड़कों का सर्वे पूरा कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भी सौंप दिया है। इस परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस निर्देश के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसमें उन्होंने सभी राज्य राजमार्गों (State Highway) को चौड़ा करने का आदेश दिया था।
किन जिलों की सड़कें होंगी चौड़ी?
इस योजना में जिन 21 राजमार्गों को शामिल किया गया है, उनमें वाराणसी की तीन सड़कें और हरदोई की दो सड़कें भी हैं। इसके अलावा अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, देवरिया, कुशीनगर, जालौन, फर्रुखाबाद, लखनऊ, मुरादाबाद, बुलंदशहर, मेरठ, सोनभद्र, संभल, मुजफ्फरनगर, चंदौली और जौनपुर जैसे जिलों की प्रमुख सड़कें भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें - गोवा का पुराना नाम क्या है? आप शायद ही अंदाजा लगा पाएं
किन सड़कों को किया जाएगा चौड़ा?
- जगदीशपुर राजमार्ग : अमेठी को सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और रायबरेली से जोड़ने वाली सड़क।
- बहराइच-भिंगा-सिरसिया-चौधरी डीह रोड
- देवरिया–पडरौना राजमार्ग : कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और कृषि विश्वविद्यालय से बेहतर संपर्क के लिए।
- पानवाड़ी राजमार्ग (जालौन): पिछले दशक से लंबित कार्य अब दोबारा शुरू होगा।
- बिलग्राम–उन्नाव–प्रयागराज मार्ग और हरदोई में बीएसए स्टेट हाईवे जो सड़क दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात है।
- वाराणसी के तीन मार्ग: चौबेपुर रोड, वाराणसी–कछवा रोड और कछवा–चौबेपुर रोड।
इनके अलावा इन सड़कों को भी चार-लेन का किए जाने की योजना है-
- फतेहगढ़–गुरसहायगंज रोड (फर्रुखाबाद)
- गोसाइगंज–बानी–मोहान रोड (लखनऊ)
- बिलग्राम–उन्नाव–बिलग्राम रोड (उन्नाव)
- मुरादाबाद–बुलंदशहर रोड (बुलंदशहर और मुरादाबाद)
- बाड़ौत–मेरठ रोड (मेरठ)
- लुम्बिनी रोड (सोनभद्र)
- बुलंदशहर रोड (संभल)
- खटीमा रोड (मुजफ्फरनगर)
- कंचनपुर–मधुपुर रोड (चंदौली)
- प्रयागराज–गोरखपुर रोड (जौनपुर)
यूपी में कितने स्टेट हाईवे हैं?
राज्य में वर्तमान में कुल 142 स्टेट हाईवे हैं। इन सड़कों के चौड़ीकरण से न सिर्फ यात्रा में समय बचेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा भी बढ़ेगी। हादसों की संख्या घटेगी और आपात सेवाओं को भी तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी। साथ ही औद्योगिक, कृषि और पर्यटन विकास को भी नई गति मिलेगी।
