शहर

Taj Mahal से लेकर लालकिला और कुतुब मीनार तक आज ऐतिहासिक स्मारकों में मुफ्त एंट्री

विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन आज ASI के टिकट वाले स्मारकों में मुफ्त में एंट्री करके धरोहर को करीब से निहार सकते हैं। मुफ्त एंट्री योजना में ताजमहल, लाल किला, कुतुब मीनार सहित कई धरोहरें शामिल हैं।

Image

आज ऐतिहासिक धरोहरों में मुफ्त एंट्री का मौका

अगर आप लंबे समय से Taj Mahal, Red Fort, Qutub Minar या जयपुर के ऐतिहासिक स्मारकों को देखने की योजना बना रहे थे तो आज बहुत ही अच्छा अवसर है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) आज से विश्व धरोहर सप्ताह मना रहा है। इस अवसर पर आज यानी गुरुवार 19 नवंबर को देशभर के की स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों में एंट्री फ्री कर दी गई है। इस सुविधा का लाभ भारतीय के साथ ही विदेशी पर्यटक भी उठा सकते हैं।

बता दें कि मुफ्त एंट्री की सुविधा सिर्फ आज के लिए है, जबकि विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा। यानी कल शुक्रवार 20 नवंबर से स्मारकों में एंट्री के लिए सामान्य टिकट लेना होगा। बता दें कि ताजमहल का टिकट लेने के बाद मुख्य मकबरे में एंट्री के लिए भी 200 रुपये का अलग टिकट लेना होता है। हालांकि, आज भी मुख्य मकबरे में एंट्री के लिए 200 का टिकट लेना होगा।

ASI के मुताबिक, देशभर में 3800 से ज्यादा संरक्षित स्मारक और स्थल हैं। इनमें 143 ऐसे स्मारक हैं, जहां एंट्री के लिए टिकट लेना पड़ता है। मुफ्त प्रवेश की घोषणा इन सभी टिकट वाले केंद्रीय संरक्षित स्मारकों के लिए की गई है।

इन ऐतिहासिक स्मारकों में घूमें मुफ्त

विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन देश के कई प्रमुख पर्यटन शहरों में पर्यटक बिना प्रवेश टिकट के ऐतिहासिक इमारतों को देख सकते हैं।

  • आगरा : इस ऐतिहासिक शहर में ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा स्थित अकबर का मकबरा और एत्माद्दौला जैसे प्रमुख स्मारकों में आज सामान्य एंट्री मुफ्त कर दी गई है। ताजमहल के मुख्य मकबरे का 200 रुपये का टिकट अलग से लेना होगा।
  • दिल्ली : राजधानी में लाल किला, कुतुब मीनार और हुमायूं का मकबरा जैसे ऐतिहासिक स्थलों को देखने का आज अच्छा मौका मिलेगा। ये तीनों दिल्ली की प्रमुख संरक्षित धरोहरों में शामिल हैं।
  • जयपुर : राजस्थान की राजधानी में आमेर किला और जंतर-मंतर प्रमुख आकर्षण हैं। जंतर-मंतर यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल भी है।
  • जोधपुर और जैसलमेर : राजस्थान के इन ऐतिहासिक शहरों में भी ASI के संरक्षण वाले स्मारकों को आज मुफ्त में देख सकते हैं। यहां पर्यटक संबंधित ASI संरक्षित स्थलों में फ्री एंट्री का लाभ उठा सकते हैं।
  • लखनऊ : नवाबों के शहर में ब्रिटिश रेजिडेंसी, सिकंदर बाग और अन्य केंद्रीय संरक्षित ऐतिहासिक स्थलों को देखने का मौका मिलेगा। ध्यान रहे कि बड़ा इमामबाड़ा जैसे सभी लोकप्रिय पर्यटन स्थल ASI के अधीन नहीं हैं।
  • पटना : बिहार की राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में कुम्हरार के पुरातात्विक अवशेषों सहित ASI संरक्षित स्थलों को देखा जा सकता है।
  • भोपाल : मध्य प्रदेश में सांची स्तूप, भीमबेटका की गुफाएं और भोजपुर का प्राचीन शिव मंदिर प्रमुख ऐतिहासिक धरोहरें हैं।
  • मुंबई : यहां एलिफेंटा की गुफाएं और कान्हेरी की गुफाएं प्रमुख ऐतिहासिक स्थल हैं। एलिफेंटा गुफाएं यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में भी शामिल हैं।

इन शहरों के अलावा देश के अन्य राज्यों में मौजूद ASI संरक्षित स्मारकों पर भी आज मुफ्त प्रवेश की सुविधा है। ध्यान रखें कि राज्य सरकारों, नगर निकायों या निजी संस्थाओं के अधीन आने वाले सभी पर्यटन स्थलों पर यह छूट लागू नहीं होगी।

विश्व धरोहर सप्ताह में होंगे विशेष कार्यक्रम

विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा स्मारकों के संरक्षण के प्रति जागरुक करना है।

आगरा में इस दौरान ऐतिहासिक स्मारकों पर प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इनके माध्यम से बच्चों को भारतीय इतिहास, स्थापत्य कला और पुरातात्विक धरोहरों के महत्व की जानकारी दी जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article