वेव सिटी थाना क्षेत्र में एक महिला इवेंट मैनेजर के साथ सरेराह अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि तीन जून की रात जब वह इवेंट खत्म कर अपने घर लौट रही थीं, तो उनके साथ इवेंट कंपनी के मालिक अमोद गुप्ता भी थे। रास्ते में तीन लोगों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। कार सवार आरोपियों ने उन्हें गालियां दीं और जबरन कार रुकवाने की कोशिश की।
पीड़िता ने कार का शीशा उतारकर देखा तो उन्होंने आरोपियों को पहचान लिया। आरोपी पूर्व कर्मचारी दक्ष यादव, उसका दोस्त प्रभात और एक महिला मित्र मंदिरा चौधरी थे। जब अमोद गुप्ता ने गाड़ी नहीं रोकी, तो आरोपियों ने अपनी कार उनकी गाड़ी के सामने लाकर टक्कर मारने की कोशिश की।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को कार से खींचा, उसके कपड़े फाड़े और अश्लील हरकतें कीं। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला आरोपी के खिलाफ मारपीट के मामले में कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित महिला पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके की रहने वाली हैं और एनएच-9 स्थित फार्महाउस में बतौर इवेंट मैनेजर कार्यरत हैं।
