लाइफस्टाइल

ठंड में खराब होने से कैसे बचाएं अपने पौधे? तापमान गिरने से पहले निपटा लें ये 5 जरूरी काम

कुछ छोटी-छोटी लेकिन अहम बातों का ध्यान रखकर आप सर्दियों में भी अपने पौधों को हरा-भरा और सुरक्षित रख सकते हैं।

Image

सर्दियों में खराब होने से कैसे बचाएं अपने पौधे? ठंड बढ़ने से पहले निपटा लें ये 5 जरूरी काम (Photo: iStock)

ये तो हम जानते ही हैं कि बदलते मौसम का असर हमारी सेहत पर पड़ता है। वैसे इसका असर घर के पेड़-पौधों पर भी पड़ता है। कई बार जो बगिया या बालकनी गर्मियों और मानसून में खूब हरी-भरी दिखती है, वह सर्दियों में अचानक मुरझाने लगती है। ठंडी हवाएं, गिरता तापमान और पाला पौधों को कई तरह से नुकसान पहुंचा सकते हैं।

इसीलिए ऐसे पौधे जिन्हें गर्म मौसम पसंद है, उन्हें ठंड से बचाने के लिए पहले से तैयारी करनी चाहिए। बागवानी एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर आपके घर की छत, आंगन या बालकनी में पौधे लगे हैं, तो तेज सर्दी पड़ने से पहले ये 5 आसान काम जरूर कर लें:

पौधों को सुरक्षित जगह पर रखें

मनी प्लांट, क्रोटन या एरिका पाम जैसे पौधों को ज्यादा ठंड रास नहीं आती। कड़ाके की सर्दी शुरू होने से पहले ही इन गमलों को ऐसी जगह रख दें जहां सीधी ठंडी हवा न लगे। इन्हें बालकनी में किसी दीवार के पास या शेड के नीचे रखा जा सकता है, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि इन्हें जरूरत के मुताबिक धूप और रोशनी मिलती रहे।

मिट्टी के ऊपर मल्चिंग करें

सर्दी में सिर्फ पत्तियां ही नहीं, बल्कि पौधों की जड़ें भी ठंड से खराब हो सकती हैं। जड़ों को बचाने के लिए गमले की मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियों, कोकोपीट (नारियल के छिलके का बुरादा), पुआल या सूखी घास की एक परत बिछा दें। इसे मल्चिंग कहते हैं। इससे मिट्टी में नमी बनी रहती है और तापमान में अचानक होने वाले बदलाव का असर जड़ों पर कम पड़ता है। बस ध्यान रखें कि यह परत पौधे के तने से एकदम सटी हुई न हो।

पानी देने का तरीका बदलें

सर्दियों में पौधों की बढ़त धीमी हो जाती है, इसलिए उन्हें गर्मियों की तरह रोज पानी की जरूरत नहीं होती। पानी डालने से पहले उंगली से मिट्टी की ऊपरी परत छूकर देख लें। अगर मिट्टी नम लगे, तो पानी न दें और सूखी लगे तभी डालें। हो सके तो सुबह के वक्त पानी दें, ताकि रात होने तक मिट्टी में जरूरत से ज्यादा नमी जमा न रहे।

पाले से बचाने के लिए पौधों को ढकें

अगर आपके इलाके में रात के समय तापमान काफी नीचे जाता है या पाला पड़ने का खतरा रहता है, तो नाजुक पौधों को रात में सूती चादर, गार्डनिंग क्लॉथ या बोरे से ढक दें। ध्यान रखें कि कपड़ा पत्तियों को बहुत ज्यादा दबाए नहीं और नीचे जमीन तक फैला हो, ताकि पौधे के आसपास गर्माहट बनी रहे।

छंटाई और खाद देने में सावधानी बरतें

तेज ठंड शुरू होने से ठीक पहले पौधों की बहुत ज्यादा कटाई-छंटाई करने से बचें। छंटाई के बाद नई कोमल पत्तियां निकलती हैं, जो ठंड और पाले की मार जल्दी झेल नहीं पातीं। साथ ही, इस मौसम में बिना जरूरत ज्यादा नाइट्रोजन वाली खाद डालने से भी बचें।

इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप सर्दियों में भी अपने पौधों को हरा-भरा और सुरक्षित रख सकते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article