शहर

सज्जन सिंह यादव ने जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाला

1995 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने अटल डुल्लू का स्थान लिया है।

Image

सज्जन सिंह यादव ने जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाला

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव ने बुधवार को केन्द्रीय सचिवालय में जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उनका तबादला कर इस पद पर नियुक्ति किए जाने के बाद उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया। 1995 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी यादव ने अटल डुल्लू का स्थान लिया है, जो 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए थे। उनके कार्यभार संभालने तक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार इस पद का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। 24 अक्टूबर को नियुक्ति से पहले यादव दिल्ली सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे।

जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''यादव ने आज जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। उनके पास लोक प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, स्वास्थ्य, पोषण और विकास नीतियों के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का प्रशासनिक अनुभव है।''

कई विभागों में संभाल चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

अपने प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और विभिन्न केंद्र शासित प्रदेशों में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। इस दौरान उन्हें लोक प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, शासन और सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति के क्षेत्र में अनुभव प्राप्त हुआ।

केंद्र सरकार में यादव वित्त मंत्रालय में विशेष सचिव और व्यय विभाग में संयुक्त सचिव रह चुके हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तहत 'पोषण' अभियान के संयुक्त सचिव और मिशन निदेशक के रूप में भी काम किया है।

उनके अन्य पदों में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक के सलाहकार, मूल्य वर्धित कर (वैट) आयुक्त, दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति आयुक्त और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त का पद शामिल है।

यादव की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी विविध है। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन से डॉक्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ, अमेरिका के मिनेसोटा विश्वविद्यालय के हम्फ्रे इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक अफेयर्स से मास्टर ऑफ पब्लिक अफेयर्स और दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से एमबीए की डिग्री हासिल की है।

इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार से पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।

मिल चुके हैं कई अवॉर्ड

शासन और लोक प्रशासन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें नागरिक केंद्रित सेवाओं की आपूर्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 2017-18 का राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार दिया जा चुका है। उन्हें भारत की जनगणना संबंधी गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया गया है।

प्रशासनिक जिम्मेदारियों के अलावा यादव लेखक और सार्वजनिक नीति के टिप्पणीकार भी हैं। उनकी पुस्तकों में 'स्केलिंग माउंट यूपीएससी : इंस्पायरिंग स्टोरीज ऑफ यंग आईएएस ऑफिसर्स' शामिल है, जिसे अंग्रेजी में पेंगुइन और हिंदी तथा मराठी में मंजुल प्रकाशन ने प्रकाशित किया है।

उनकी एक अन्य पुस्तक 'इंडियाज वैक्सीन ग्रोथ स्टोरी : फ्रॉम काउपॉक्स टू वैक्सीन मैत्री' का 15 भारतीय भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं तथा प्रमुख समाचार पत्रों में भी लेख लिखे हैं।

डीआईपीआर ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक पद का कार्यभार संभालने पर वरिष्ठ प्रशासनिक सचिवों और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article