PM Modi At FICCI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में उद्योग मंडल फिक्की (FICCI) के शताब्दी अधिवेशन को संबोधित करते हुए भारतीय उद्योग जगत से सीधा संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पिछली सरकारों की तरह नहीं है, बल्कि यह एक मित्रवत सरकार है जो दोस्ती निभाना जानती है। उद्योगपतियों और कारोबारियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सरकार और उद्योग जगत के बीच भरोसे की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "यह पिछली सरकारों जैसी नहीं है, यह एक दोस्ताना सरकार है, जो दोस्ती का सम्मान करना जानती है। और यदि आप मेरे सच्चे मित्र हैं, तो आपको एक काम करना होगा। देश में अभी और किन सुधारों की आवश्यकता है, इस बारे में मुझे बिना किसी संकोच के लिखें।"
घरेलू बाजार को न बनाएं कम्फर्ट जोन: मोदी
प्रधानमंत्री ने भारतीय कंपनियों को अपनी सोच का दायरा बढ़ाने और वैश्विक बाजार में उतरने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि हमारा घरेलू बाजार हमारा 'कम्फर्ट जोन' नहीं बनना चाहिए, बल्कि इसे हमें वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास देना चाहिए। पीएम मोदी ने उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे वैश्विक ग्राहकों की जरूरतों को समझने, अंतरराष्ट्रीय मानकों की बराबरी करने और मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करने में निवेश करें।
2027 से अगले 20 साल का दिया लक्ष्य
फिक्की की ऐतिहासिक यात्रा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने आजादी के आंदोलन और 2047 के विजन को जोड़ा। उन्होंने कहा कि फिक्की की स्थापना 1927 में हुई थी और इसके 20 साल बाद भारत को आजादी मिली थी। इसी तरह, जब 2027 में फिक्की अपने 100 साल पूरे करेगा, तो उद्योग जगत को अगले 20 वर्षों में एक 'विकसित भारत' बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि 'विकसित भारत' केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह एक प्रतिबद्धता है।
