दुनिया

APEC Summit: जिनपिंग, ट्रंप-पुतिन ने दिया शांति पर जोर, बोले-दुनिया की महाशक्तियों की यह विशेष जिम्मेदारी

शी जिनपिंग ने कहा, 'चीन, रूस और अमेरिका को वैश्विक चुनौतियों का सामना करने, विश्व शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा मानव प्रगति में बड़ा योगदान देने के लिए मिलकर काम करने का उदाहरण पेश करना चाहिए।' उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी शक्तियों की इस दिशा में विशेष जिम्मेदारी है।

Image

एपेक समिट 2026।

APEC Summit2027: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को दुनिया की तीन प्रमुख शक्तियों की एक अहम बैठक में शामिल हुए। चीन के शहर शेनझेन में आयोजित इस बैठक की मेजबानी करते हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तीनों नेताओं की इस मुलाकात को एक 'ऐतिहासिक घटना' बताया। उन्होंने तीनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बने गठबंधन का भी जिक्र किया।

अतीत से सीख लेकर भविष्य का करें निर्माण-जिनपिंग

शी जिनपिंग ने कहा, 'चीन, रूस और अमेरिका को वैश्विक चुनौतियों का सामना करने, विश्व शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा मानव प्रगति में बड़ा योगदान देने के लिए मिलकर काम करने का उदाहरण पेश करना चाहिए।' उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी शक्तियों की इस दिशा में विशेष जिम्मेदारी है। करीब आठ दशक पहले के साझा इतिहास का उल्लेख करते हुए शी जिनपिंग ने अमेरिका और रूस से अतीत में हुए सहयोग से सबक लेने की अपील की। उन्होंने कहा, '80 साल पहले फासीवाद विरोधी मोर्चे के प्रमुख स्तंभ के रूप में हमारे तीनों देशों ने शांति की रक्षा करने और बड़ी जीत हासिल करने के लिए मिलकर लड़ाई लड़ी थी। हमें अपने ऐतिहासिक अनुभवों को याद रखना चाहिए और अतीत से सीख लेकर भविष्य का निर्माण करना चाहिए।'

वैश्विक चुनौतियों पर बातचीत से ही निकलेगा समाधान: ट्रंप

बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दुनिया की प्रमुख शक्तियों की यह विशेष जिम्मेदारी है कि वे वैश्विक चुनौतियों पर बातचीत के रास्ते खुले रखें। गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ पहली बार हुई इस त्रिपक्षीय शिखर बैठक में ट्रंप ने प्रतिद्वंद्वी देशों से बातचीत से दूरी बनाने की पुरानी कूटनीतिक नीति से अलग रास्ता अपनाने की बात कही। ट्रंप ने अमेरिका, चीन और रूस के नेताओं की इस पहली त्रिपक्षीय बैठक को कूटनीतिक अलगाव से बाहर निकलने की दिशा में जरूरी कदम बताया।

'सकारात्मक संवाद बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी'

बातचीत की शुरुआत में उन्होंने कहा, 'दुनिया के तीन सबसे बड़े देशों के राष्ट्रपति होने के नाते हमारी विशेष जिम्मेदारी है कि हम उन मुद्दों पर खुला, सम्मानजनक और सकारात्मक संवाद बनाए रखें, जो न केवल हमारे लोगों बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित करते हैं। अतीत में कई बार नेताओं ने उन देशों से बातचीत करने से परहेज किया, जिनसे उनके मतभेद थे। लेकिन हमारा नजरिया इसके बिल्कुल विपरीत है और हम इसे सही मानते हैं।'ट्रंप ने कहा कि विरोधी देशों से बातचीत करने से इनकार करने से कभी किसी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उनके मुताबिक, संघर्षों को खत्म करने के लिए सीधे संवाद जरूरी है।

परमाणु निरस्त्रीकरण पर भी होगी चर्चा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने पुष्टि की कि इस बैठक में परमाणु निरस्त्रीकरण का मुद्दा भी उठाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि देशों को अपने परमाणु हथियार छोड़ने के लिए राजी करना आसान नहीं होगा। ट्रंप ने कहा, 'एक बार जब आपके पास परमाणु हथियार आ जाते हैं, तो उनसे छुटकारा पाना बहुत मुश्किल होता है। यही जीवन की वास्तविकता है।'

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने की उम्मीद: ट्रंप

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के संभावित समाधान को लेकर भी ट्रंप ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि युद्ध खत्म करने की दिशा में प्रयास आगे बढ़ रहे हैं। ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि चीजें आगे बढ़ रही हैं। मुझे लगता है कि (पुतिन) और उम्मीद है कि दूसरा पक्ष भी इस युद्ध को खत्म होते देखना चाहेगा।'

अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा की साझा जिम्मेदारी: पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी वैश्विक शांति और सुरक्षा बनाए रखने में तीनों देशों की साझा जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने अपने शुरुआती संबोधन में कहा कि रूस, चीन और अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में संयुक्त जिम्मेदारी है। पुतिन ने कहा कि क्षेत्रीय संकटों के समाधान में तीनों देशों के हित जुड़े हुए हैं। इनमें रूस-यूक्रेन युद्ध भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर बुधवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकों में चर्चा हुई थी। पुतिन ने कहा, 'हमारे देशों के कई साझा हित हैं, जिनमें क्षेत्रीय संघर्षों का समाधान भी शामिल है। जाहिर तौर पर रूस-यूक्रेन संघर्ष भी इसका हिस्सा है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article