लखनऊ

लखनऊ में आज देर रात से कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन; जानें वजह और नए रूट

रमजान के 19वें जुलूस की वजह से पुराने शहर के इलाके में ट्रैफिक रूट को बदला गया है, जो आज रात 2 बजे से (गुरुवार 20 मार्च) लागू होगा। मस्जिद कूफा में सुबह 4 बजे मजलिस और नमाज होगी, जिसके बाद जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान कई रास्तों पर आवाजाही बंद की गई है और रूट को बदला गया है।

Image

लखनऊ में आज रात से रूट डायवर्जन

लखनऊ में रमजान के 19वें जुलूस में आज रात दो बजे से ही शहर के ट्रैफिक में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। 20 मार्च की तड़के 4 बजे से रौजा-ए-काजमैन सआदतगंज स्थित मस्जिद कूफा में रमजान की नमाज और मजलिस होगी, जिसके बाद जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस को ध्यान में रखते हुए रात दो बजे से (गुरुवार, 20 मार्च) से जुलूस खत्म होने तक पुराने शहर में कई रास्तों पर डायवर्जन किया गया है। जुलूस के समय फूलमंडी तिराहा (नींबू पार्क) से हैदरगंज तिराहा तक ओवर ब्रिज पर गाड़ियों का आना-जाना पूरी तरह बंद रहेगा। केवल इमरजेंसी की स्थिति में गाड़ियों को जाने की छूट होगी।

इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

कटरा (कल्लू) तिराहा से रोजा-ए-काजमैन की तरफ जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। इसकी जगह बड़े तालाब राजाजीपुरम के रास्ते होकर जा सकते हैं।

लाल माधव तिराहा हैदरगंज से नक्खास तिराहे की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। इसकी जगह ऐशबाग या बुलाकी अड्डा का रास्ता लेना होगा।

टूड़ियागंज तिराहे से मंसूरनगर, गिरधारी इंटर कॉलेज की तरफ जाने पर भी रोक रहेगी। इधर जाने वाली गाड़ियां थाना बाजारखाला, हैदरगंज तिराहा होकर जा सकेंगी।

मंसूरनगर तिराहे से रौजा-ए-काजमैन की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी रोक रहेगी। इसकी जगह नौबस्ता की ओर से जाना होगा।

अकबरी गेट तिराहा से नक्खास तिराहा और मेडिकल क्रॉस वाला रास्ता भी बंद रहेगा। यहां एक मिनारा, चौक थाना चौराहा या कश्मीरी मोहल्ला होकर जाना होगा।

कमला नेहरू क्रॉसिंग से किसी भी तरह की गाड़ियां नक्खास तिराहे की ओर नहीं जाएंगी। यहां कोनेश्वर से मेडिकल चौराहे के रास्ते जाना पड़ेगा।

रकाबगंज पुल चौराहा से नक्खास तिराहे की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद होगा। इसकी जगह नाका चौराहे से मेडिकल कालेज के रास्ते होकर जाया जा सकेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article