स्पोर्ट्स

VIDEO: फुटबॉल वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने के बाद ड्रेसिंग रूम से मैड्रिड तक स्पेन की जीत का जोरदार जश्न, देखिए वायरल वीडियो

Spain Dressing Room Celebration Viral Video: फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराने के बाद स्पेन ने दूसरी बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद स्पेन की टीम ने ड्रेसिंग रूम में जबरदस्त जश्न मनाया, यहां देखिए उन क्षणों का वायरल वीडियो।

Image

स्पेन की जीत का जश्न ड्रेसिंग रूम से मैड्रिड तक (X/AP/Instagram)

Spain Celebration Video: स्पेन की फुटबॉल टीम ने पहले सेमीफाइनल मैच में फ्रांस को 2-0 से हराकर फीफा विश्व कप फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के बाद ड्रेसिंग रूम में जमकर जश्न मनाया। स्पेनिश पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ने ड्रेसिंग रूम के अंदर का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें खिलाड़ी मैच खत्म होने की सीटी बजने के बाद नारे लगाकर, नाच-गाकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते दिखे। वहीं, स्पेन की राजधानी मैड्रिड में भी जश्न का अलग ही माहौल नजर आया।

टीम ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "शोर-शराबा हुआ, डांस हुआ, जश्न मनाया गया... स्पेनिश राष्ट्रीय टीम के लॉकर रूम में आइए और अपने खास डांस मूव्स दिखाइए!"

मैड्रिड की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

यह जीत डलास स्टेडियम में फ्रांस के खिलाफ स्पेनिश टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद मिली है। उन्होंने मजबूत डिफेंस और सटीक फिनिशिंग का बेहतरीन तालमेल दिखाया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इस जीत के बाद स्पेन की राजधानी मैड्रिड में भी सड़कें खचाखच भरी नजर आई और फैंस ने इस ऐतिहासिक जीत का जमकर जश्न मनाया जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। यहां देखिए।

स्पेन के युवा स्टार लैमिन यमाल के खिलाफ लुकास डिग्ने की खतरनाक चुनौती के बाद फॉरवर्ड मिकेल ओयारज़ाबल ने पेनल्टी स्पॉट से पहला गोल किया। इसके बाद मिडफील्डर दानी ओल्मो के शानदार 'थ्रू-बॉल' पर फुलबैक पेड्रो पोरो ने दूसरा गोल करके स्पेन की जीत पक्की कर दी; उन्होंने आत्मविश्वास के साथ गेंद को गोल के निचले कोने में पहुंचाया। शानदार प्रदर्शन के लिए पोरो को 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया।

इस नतीजे के साथ स्पेन विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है, जहां रविवार को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में उनका मुकाबला इंग्लैंड या अर्जेंटीना से होगा। अर्जेंटीन और इंग्लैंड के बीच गुरुवार (भारतीय समय के मुताबिक बुधवार देर रात 12:30 बजे) को दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।

विश्व कप फाइनल में स्पेन का पिछला अनुभव जीत के साथ खत्म हुआ था, जब 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आंद्रेस इनिएस्ता ने नीदरलैंड्स के खिलाफ एक्स्ट्रा टाइम में विजयी गोल किया था।

ओयारज़ाबल ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और स्पेन के लिए अपने पिछले 20 मैचों में गोलों की संख्या 18 तक पहुंचा दी। उनकी पेनल्टी ने उन्हें राष्ट्रीय टीम के लिए 30 अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाला छठा खिलाड़ी भी बना दिया। इस तरह वे डेविड विया (59), राउल (44), फर्नांडो टोरेस (38), अल्वारो मोराटा (37) और डेविड सिल्वा (35) जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थी author

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और... और देखें

End of Article