Bengaluru Land Scam: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की जमीन हड़पने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्व विभाग के अधिकारियों समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर श्री आदि चुनचनगिरी एजुकेशन ट्रस्ट की करीब 6 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की।
फर्जी वारिस बनाकर जमीन हड़पने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक यह जमीन बेंगलुरु दक्षिण तालुक के कंबिपुरा गांव में स्थित है। यहां कुल 45 एकड़ जमीन श्री आदि चुनचनगिरी एजुकेशन ट्रस्ट के नाम दर्ज है। जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी फ्रांसिस ने कुछ राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर 1960-61 के फर्जी कानूनी उत्तराधिकारी (लीगल हेयर), मृत्यु प्रमाण पत्र और अनुदान (ग्रांट) से जुड़े दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों में आरोग्यस्वामी नाम के व्यक्ति को जमीन का कानूनी उत्तराधिकारी बताया गया। इसके आधार पर ट्रस्ट की 45 एकड़ जमीन में से 6 एकड़ अपने नाम दर्ज कराने की कोशिश की गई।
पुलिस ने इन लोगों को किया गिरफ्तार
इस मामले में ट्रस्ट के अधिकारियों ने 10 जून 2026 को कुंबलगोडु थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने फ्रांसिस, आरोग्यस्वामी, श्रीनिवासु, नरेंद्रकुमार और जॉनसन को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस ने राजस्व विभाग के डिप्टी तहसीलदार दीपक और एम.पी. रवि, ग्राम लेखाकार (अकाउंटेंट) राजन्ना, किरण कुमार, अरुण कुमार तथा ग्राम प्रशासनिक अधिकारी शिवप्रसाद और सतीश कुमार को भी गिरफ्तार किया।
फरार लोगों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य सदस्य, जिनमें श्रीकांत, मंजूनाथ और रविंद्र भी शामिल हैं, जो अभी फरार हैं। इन लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध तरीके से जमीन का रिकॉर्ड बदलने में मदद करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यही गिरोह अन्य जमीनों पर भी इसी तरह फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा करने का प्रयास कर चुका है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
