शहर

Student Suicide: हरियाणा के रेवाड़ी में 11वीं के छात्र ने की आत्महत्या, शिक्षक पर प्रताड़ना के आरोप

रेवाड़ी के धवाना गांव में स्थित एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की कथित प्रताड़ना और बदसलूकी से तंग आकर 11वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के धवाना गांव में स्थित एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की कथित प्रताड़ना और बदसलूकी से तंग आकर 11वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान 15 वर्षीय जतिन के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और रोष का माहौल है।

स्कूल में हुई बदसलूकी से आहत था जतिन

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, जतिन रोजाना की तरह मंगलवार को भी स्कूल गया था। आरोप है कि स्कूल में इतिहास (History) के एक शिक्षक ने किसी बात को लेकर जतिन के साथ मारपीट की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिक्षक की इस बदसलूकी और सरेआम हुए अपमान से जतिन बेहद आहत और मानसिक तनाव में आ गया था।

घर आकर बयां किया था दर्द, फिर कमरे में लगा लिया फंदा

बताया जा रहा है कि जब जतिन स्कूल से घर वापस लौटा, तो वह काफी परेशान था। उसने अपनी मां और भाई-बहन को स्कूल में शिक्षक द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट की पूरी कहानी रोते हुए बताई। इसके बाद वह चुपचाप घर की ऊपरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया।

काफी देर तक जब जतिन कमरे से नीचे नहीं उतरा, तो भाई-बहन उसे देखने के लिए ऊपर गए। कमरे का दरवाजा खोलने पर उनके होश उड़ गए; जतिन फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजन उसे फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता की मौत के बाद जतिन ही था घर का बड़ा बेटा

इस आत्मघाती कदम ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। जतिन के पिता एक निजी कंपनी में काम करते थे, जिनका पहले ही देहांत हो चुका है। पिता के जाने के बाद जतिन ही घर का सबसे बड़ा बेटा था, जिस पर पूरे परिवार की उम्मीदें टिकी थीं। जतिन के परिवार में उसकी मां, तीन छोटे भाई और एक बहन हैं और उसकी मृत्यु के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला बेहद गंभीर है। परिजनों के बयानों और स्कूल के अन्य बच्चों से पूछताछ के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article