लखनऊ

लखीमपुर-सीतापुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा; रोडवेज बस और वैन की टक्कर में 5 की मौत, 8 गंभीर

लखीमपुर सीतापुर हाईवे पर ओयल बड़ी नहर मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें रोडवेज बस और ओमनी वैन की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में वैन चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस और घायल यात्री

Photo : Times Now Digital

Lakhimpur Accident: लखीमपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लखीमपुर-सीतापुर हाईवे पर ओयल बड़ी नहर मोड़ के पास रोडवेज बस और ओमनी वैन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि वैन चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

भिड़ंत में वैन के परखच्चे उड़े

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर दोनों वाहन तेज रफ्तार में आ रहे थे। ओमनी वैन मोड़ के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में वैन चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है और 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घटनास्थल पर मचा हड़कंप

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायलों का इलाज जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article