शहर

Weather Update Today: बर्फीली हवाएं लेकर आ रहा है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, पहाड़ों में बढ़ाएगा ठिठुरन, मैदानी इलाकों में बारिश

Weather Update Today: मध्य प्रदेश में इस सीजन पहली बार तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा है। यूपी में आज सुबह कोहरे के साथ प्रदूषण भी बढ़ा हुआ दिखा। राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

पश्चिमी विक्षोभ लेकर आ रहा बर्फबारी और बारिश का दौर

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां भी शुरू होने वाली हैं। मध्य प्रदेश में इस सीजन पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, उत्तर प्रदेश के लखनऊ सहित 10 शहरों में आज यानी गुरुवार 12 नवंबर की सुबह कोहरा छाया रहा। नोएडा और गाजियाबाद में प्रदूषण से भी राहत नहीं मिल रही है। यहां सुबह 6 बजे AQI 278 रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, वेस्टर्न विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 48 घंटे के दौरान मौसम बदल सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। आइए जानते हैं देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल।

MP में पहली बार 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

मध्य प्रदेश में अब ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस सीजन में पहली बार राज्य का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा अनूपपुर के अमरकंटक और कटनी के करौंदी में भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है।

MP के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। खास बात ये है कि राजधानी भोपाल और जबलपुर में ठंड राज्य के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा महसूस की जा रही है।

यूपी में कोहरा, नोएडा-गाजियाबाद में प्रदूषण से परेशानी

उत्तर प्रदेश में सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ सहित 10 शहरों में सुबह कोहरा छाया रहा। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। दोनों शहरों में सुबह 6 बजे AQI 278 दर्ज किया गया। धुंध और प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। नोएडा एयरपोर्ट पर पांच फ्लाइट ने देरी से उड़ान भरी। लोगों को सुबह और रात के समय यात्रा करते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड

राजस्थान में शनिवार 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसके चलते बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के बाद 16 नवंबर से इस मरु प्रदेश में ठंड बढ़ सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में आज से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। इसका असर अगले 48 घंटे तक रह सकता है। राज्य के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, जबकि चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार हैं।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में आज बारिश की संभावना है। 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

पंजाब में भी बदलेगा मौसम, शिलॉन्ग में गिरे ओले

पंजाब में गुरुवार को सात जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, केंद्र शासित चंडीगढ़ में आज और कल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दूसरी तरफ, मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में कल यानी बुधवार को जमकर ओले गिरे। इससे शहर के तापमान में गिरावट आई और अचानक ठंड बढ़ गई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article