लखनऊ

पिछली सरकारों ने राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का राजनीतिकरण किया- सहारनपुर में बोले CM योगी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 20, 2022, 11:57 PM IST

सीएम ने रविवार सुबह लखनऊ में 1354 नर्सों को नियुक्ति पत्र दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रसन्नता होती है कि अब सरकारी नौकरियों में सभी 75 जनपदों के प्रतिभागी शामिल होते हैं। मैंने सुबह सहारनपुर की कुछ बेटियों को भी नियुक्ति पत्र दिया। 5 लाख नौजवानों को प्रदेश में सरकारी नौकरी दी गई। 5 साल में सहारनपुर में निवेश के माध्यम से एक लाख नौजवानों को रोजगार दिया गया।

Image

सीएम योगी ने सहारनपुर में 145 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सहारनपुर में 145 करोड़ की 243 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं है, लेकिन विकास के लिए सुरक्षा और सुरक्षा के लिए अच्छी सरकार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश से पलायन होता था, गुंडागर्दी चरम पर थी। हर दूसरे दिन 3 बड़े-बड़े दंगे होते थे, वह प्रदेश दंगामुक्त हो चुका है। आज यहां पलायन नहीं हो रहा, बल्कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए यह निवेश के लिए दुनिया को आकर्षित कर रहा है।

अपराधी यूपी छोड़कर भाग चुके हैं- सीएम

मुख्यमंत्री ने रविवार को नगर विकास विभाग व औद्योगिक विकास पर लघु फिल्म देखी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, चेक व स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया। सीएम ने सहारनपुर से भाजपा के 5 विधायक जिताने पर लोगों को साधुवाद दिया। सीएम ने कहा कि सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए देवबंद में एटीएस की स्थापना में कोताही नहीं बरती गई। भाजपा सरकार आने से पहले जिन्होंने शासन किया, उनकी राजनीति परिवारवाद व भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी थी। सीएम ने कहा कि नौजवानों, किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जाता था। इन्होंने राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों के राजनीतिकरण का पाप भी किया। इस कारण प्रदेश में कोई आना नहीं चाहता था, जिन्होंने निवेश किया था, वे पलायन कर रहे थे। तब कैराना और कांधला जैसी घटनाएं होती थीं पर आज यूपी में निवेशक वापस आ चुके हैं। अब अपराधी यूपी छोड़कर भाग रहे हैं। अपराध व अपराधियों, भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जीरो टालरेंस के साथ काम कर रहे हैं।

अब दो घंटे की बजाय 45 मिनट में तय होती है दूरी

सीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले मां शाकुंभरी के नाम पर विश्विद्यालय का शिलान्यास किया था। आज उसका भव्य भवन बन रहा है। यहां अगले वर्ष तक नौजवानों के लिए अपने जनपद में विश्वविद्यालय होगा। सहारनपुर में सरसावा एयरपोर्ट पर लैंड अधिगृहित करके दी। कार्य प्रारंभ हो चुका है। सहारनपुर भी जल्द ही देश-दुनिया की एयर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा। सड़क कनेक्टिविटी अब बहुत अच्छी हो गई है। 2017 से पहले मुजफ्फरनगर से सहारनपुर आने में 2 घंटे लगते थे। सहारनपुर से शामली व देहरादून मार्ग की दुर्गति थी। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर 753 करोड़ रुपये खर्च किए। अब यह दूरी 2 घंटे की बजाय 45 मिनट में तय होती हैं। 612 करोड़ रुपये से सहारनपुर-शामली मार्ग लगभग पूरा हो चुका है। सहारनपुर से देहरादून मार्ग लगभग 1200 करोड़ से देश के बेहतरीन मार्गों में बन रहा है। लगभग एक हजार करोड़ से यहां की सड़कों, ब्रिज का निर्माण हुआ। जल जीवन मिशन के साथ हर घर नल योजना को पीएम मोदी के विजन के अनुरूप साकार करने के लिए कार्य हो रहा है। तेजी से हर घर को शुद्ध पेयजल से जोड़ रहे हैं।

सहारनपुर ने स्वच्छता के नए मानक गढ़े हैं

सीएम ने कहा कि सहारनपुर ने स्वच्छता में नए मानक गढ़े हैं। पीएम आवास योजना में भेदभाव के बिना आवास मिल रहा। पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रदेश में 9 लाख और सहारनपुर में 18 हजार स्ट्रीट वेंडरों को सुविधा का लाभ मिला है। पीएम आवास योजना के तहत 45 लाख गरीबों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे ढाई करोड़ लोग लाभान्वित हुए। सहारनपुर में 25944 लोगों को आवास दिलाया। जिले में ओडीओपी में 2225 कारीगरों को प्रशिक्षण के साथ टूल किट भी बांटी। 960 उद्यमियों को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से लाभान्वित कराया। इससे 5 हजार नौजवानों को सुविधा मिली। यह नया यूपी है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article