लखनऊ

चित्रकूट में दर्दनाक हादसा, जीप और बस के बीच भीषण टक्कर, 3 भाइयों की मौत

Chitrakoot Accident: चित्रकूट जिले के झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में एक रोडवेज बज और जीप की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार तीन भाइयों की मौके पर मौत हो गई। इसमें 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

चित्रकूट में दर्दनाक हादसा

Chitrakoot Accident: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक रोडवेज बस और जीप की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन भाइयों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में खोह गांव के नजदीक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की एक बस और एक जीप की आमने-सामने की टक्कर हो गई तथा इस हादसे में जीप सवार मोहित (14), उसके सगे भाई सुभाष (छह) और उनके चचेरे भाई रोहित (24) की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में शोभा देवी (35), अभिलाषा (15), संध्या (आठ), ओंकार (10) और राजा भइया (36) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे में तीन भाइयों की मौत

सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली कर्वी क्षेत्र के गढ़ीवा मजरा कैंप का पुरवा निवासी राजा भईया अपने परिवार के सदस्यों के साथ रविवार दोपहर को बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के एैंचवारा गांव में अपनी ससुराल में किसी समारोह में शामिल होने गया था लेकिन देर रात घर लौटते समय खोह गांव के पास प्रयागराज की तरफ जा रही बस ने उनकी जीप को टक्कर मार दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!