लखनऊ

बिहार चुनाव के दूसरे चरण से पहले गोरखपुर GRP को मिली बड़ी सफलता, वैशाली एक्सप्रेस से 1 करोड़ रुपये की नकदी बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले गोरखपुर जीआरपी ने वैशाली एक्सप्रेस में चेकिंग करते हुए एक व्यक्ति को 1 करोड़ रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। बिहार चुनाव में इस पैसे के इस्तेमाल की आशंका जताते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को मामला सौंपा।

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र गोरखपुर जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीआरपी टीम ने वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन में सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में नकदी के साथ रंगे हाथों पकड़ा। यह युवक करीब एक करोड़ रुपये की रकम बिहार के मोकामा ले जाने की फिराक में था। जानकारी के अनुसार, जब एसी कोच के पास जांच की जा रही थी, तभी एक युवक संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पुलिस द्वारा तलाशी लिए जाने पर, उसके बैग से नोटों के बंडल बरामद हुए। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम मुकुंद माधव बताया, जो मोकामा (बिहार) का निवासी है। इस बड़ी बरामदगी से चुनावी माहौल में अवैध धन के इस्तेमाल की आशंका बढ़ गई है।

नकदी के स्रोत पर युवक मौन

सीओ रेलवे विनोद कुमार सिंह ने इस संबंध में पुष्टि करते हुए बताया कि, "एसी लॉन्च के पास चेकिंग के दौरान बिहार के मोकामा निवासी मुकुंद माधव को एक करोड़ रुपये नकदी के साथ पकड़ा गया है। बरामद रकम के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका है।" पुलिस और खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि यह बरामद राशि हवाला के माध्यम से बिहार चुनाव में काले धन के रूप में इस्तेमाल होने वाली थी। अवैध नकदी की बरामदगी से यह स्पष्ट होता है कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए वित्तीय अनियमितताओं का सहारा लिया जा रहा था।

आयकर विभाग को सौंपा गया मामला

मामले की गंभीरता और नकदी के संदिग्ध स्रोत को देखते हुए, सीओ रेलवे विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तत्काल आयकर विभाग (Income Tax Department) को सूचना दे दी गई है। अब जीआरपी इस बात की गहन जांच में जुट गई है कि यह भारी भरकम पैसा किसके लिए और कहां से आया था। इस पूरे अवैध वित्तीय नेटवर्क का खुलासा करने के लिए इनकम टैक्स और अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में शामिल होंगी। पुलिस और अन्य एजेंसियां अब मुकुंद माधव से पूछताछ कर रही हैं ताकि इस हवाला रैकेट के मास्टरमाइंड और बिहार चुनाव में इस पैसे के अंतिम लाभार्थी का पता लगाया जा सके। चुनाव से पहले इतनी बड़ी नकदी की बरामदगी को जीआरपी की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article