शहर

Uttarakhand News: लाभार्थी सम्मेलन में बोले CM धामी, योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव हर वर्ग तक पहुंचेगा

राजधानी देहरादून में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने UCC और मदरसा बोर्ड को लेकर सरकार के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Image

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाभार्थियों से किया संवाद

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) का कहना है कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने देहरादून में अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर की ओर से आयोजित ‘लाभार्थी सम्मेलन’ में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के लिए उठाए गए कदमों और शिक्षा व्यवस्था में बदलावों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में उत्तराखंड मदरसा बोर्ड को समाप्त कर राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। सरकार का दावा है कि इसके माध्यम से आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के साथ सभी वर्गों के बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

UCC को बताया ऐतिहासिक कदम

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लागू होने से महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से बातचीत कर उनके अनुभव भी सुने।

सम्मेलन में लाभार्थियों ने बताया कि विभिन्न योजनाओं से उन्हें शिक्षा, रोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक विनोद चमोली, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं दायित्वधारी दिनेश अग्रवाल, देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल सहित पार्टी पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article