शहर

प्रशांत किशोर की बढ़त पर भी NDA को जीत का भरोसा, श्रवण कुमार बोले- नतीजा हमारे पक्ष में आएगा

बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की शुरुआती बढ़त पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि 31 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि अंतिम नतीजा एनडीए के पक्ष में होगा।

Image

बिहार मंत्री श्रवण कुमार-फोटो साभार: x| JD(U)

Bankipur Bypoll 2026: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। जिस पर बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ जदयू (JDU) नेता श्रवण कुमार की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि शुरुआती राउंड की बढ़त से हार-जीत तय नहीं होती। उन्होंने कहा कि अंतिम परिणाम आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और NDA को अपनी जीत का पूरा भरोसा है।

'31 राउंड की गिनती के बाद तस्वीर साफ होगी'

श्रवण कुमार ने कहा कि मतगणना अभी जारी है और सभी 31 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही यह पता चलेगा कि किसका दावा सही था। उन्होंने कहा कि शुरुआती राउंड में पीछे रहने का मतलब हार नहीं होता। श्रवण कुमार ने कहा, "मैंने भी कई चुनाव लड़े हैं और जीते भी हैं। कई बार ऐसा हुआ है कि मैं पहले, दूसरे या तीसरे राउंड में पीछे रहा हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि मैं हार गया। इसलिए अंतिम नतीजे का इंतजार करना चाहिए।"

'जनता के फैसले का करेंगे सम्मान'

मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला ही सर्वोपरि है और जनता जो भी फैसला देगी, एनडीए उसका सम्मान करेगा। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के आधार पर नतीजा एनडीए के पक्ष में आएगा।

प्रशांत किशोर की बढ़त और बिहार की राजनीति पर इसके प्रभाव को लेकर श्रवण कुमार ने कहा कि केवल एक विधानसभा सीट जीत लेने से कोई बड़ा राजनीतिक बदलाव नहीं आ जाता। उन्होंने कहा, "बिहार की राजनीति केवल एक विधायक जीतने से नहीं बदलती। बिहार की सियासत में अपनी जगह बनाने के लिए बड़े दिल वाले इंसान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसी मजबूत शख्सियत की जरूरत होती है।"

RJD पर साधा निशाना

जदयू नेता ने दावा किया कि यदि जन सुराज का प्रदर्शन अच्छा रहता है, तो इसका सीधा प्रभाव राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आरजेडी के वोट बैंक का नुकसान हो रहा है और उनके वोट दूसरे दलों की ओर जा रहे हैं, एनडीए के वोट बैंक पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article