दिल्ली में ओखला और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। दोनों उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले वाले थे। पुलिस ने उनके शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। लेकिन अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि दोनों की मौत एक हादसा थी या आत्महत्या। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है।
रेलवे ट्रैक पर मिले दोनों के शव
दिल्ली पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:47 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर हजरत निजामुद्दीन रेलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही क्राइम टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आधार कार्ड से हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 23 वर्षीय सागर, पुत्र मोहन लाल, और 20 वर्षीय शिवानी, पुत्री देविंदर के रूप में हुई है। दोनों यूपी के बुलंदशहर जिले के सियाना कस्बे के रहने वाले थे। पुलिस को सागर की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर दोनों की पहचान हो सकी।
बीमा कंपनी में काम करता था युवक
पुलिस ने बताया कि सागर एक बीमा कंपनी में काम करता था। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों सोमवार दोपहर बुलंदशहर से दिल्ली आए थे। हालांकि वे रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शवों को एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
