शहर

ये महल है या घर?... निलंबित कांस्टेबल के आलीशान बंगले ने इंटरनेट यूजर्स को चौंकाया, ED रेड के बाद Video Viral

लखनऊ में ईडी ने कोडीन युक्त कफ सिरप की कथित अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में निलंबित यूपी पुलिस कांस्टेबल आलोक प्रताप सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर गुरुवार को छापेमारी की। इस दौरान सुशांत गोल्फ सिटी में स्थित उसके आलीशान बंगले के वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई । सीमित वेतन के बावजूद इतनी बड़ी संपत्ति को लेकर भ्रष्टाचार और अवैध आय के आरोप तेज हो गए हैं।

Image

निलंबित यूपी कांस्टेबल के बंगले ने लोगों को किया हैरान (ANI)

Photo : ANI

Lucknow News: लखनऊ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के निलंबित पुलिस कांस्टेबल आलोक प्रताप सिंह के घर छापेमारी की। इस दौरान घर की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया और सिस्टम की सच्चाई पर कई अहम सवाल भी खड़े किए। दरअसल यह कोई आम घर नहीं बल्कि एक आलीशान बंगला है, जो किसी बड़े कारोबारी का नहीं, बल्कि एक पुलिस कांस्टेबल का है। जिसे कोडीन युक्त कफ सिरप की कथित अंतरराज्यीय तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। निलंबित कांस्टेबल आलोक प्रताप सिंह के लखनऊ स्थित बंगले की तस्वीरें सामने आते ही लोग हैरान रह गए।

लखनऊ के पॉश इलाके में बना आलीशान बंगला

आलोक प्रताप सिंह का यह आलीशान बंगला लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी में बना है, जो किसी बड़े उद्योगपति या शाही परिवार की संपत्ति नजर आता है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में बंगले की भव्यता देखकर लोग भी स्तब्ध रह गए। यूजर्स ने सवाल उठाया कि लगभग 40 हजार रुपये मासिक सैलरी पाने वाला एक पुलिस कांस्टेबल इतना आलीशान घर कैसे बना सकता है। इस बंगले के आलीशान इंटीरियर और विशाल परिसर को देखकर सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई है कि क्या एक कांस्टेबल की आमदनी से इतनी बड़ी संपत्ति संभव है?

सूत्रों के अनुसार, ED ने पहले निलंबित कांस्टेबल आलोक प्रताप सिंह को 8 दिसंबर को पेश होने का नोटिस जारी किया था। लेकिन समन का पालन न करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। जांच के तहत ED ने लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर, सहारनपुर, रांची और अहमदाबाद सहित देश में कई शहरों में तलाशी अभियान चलाया।

जांच के लिए SIT का गठन

इस बीच, यूपी सरकार ने कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री, भंडारण और तस्करी की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। तीन सदस्यीय SIT का नेतृत्व आईजी (लॉ एंड ऑर्डर) एल.आर. कुमार कर रहे हैं। इसके अन्य सदस्यों में STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील घुले चंद्रभानु और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त अखिलेश कुमार जैन शामिल हैं। इस मामले में हाल के दिनों में राज्य के कई जिलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार यह संगठित गिरोह कई जिलों और विभागों में फैला हुआ है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article