शहर

कूरियर से अफीम, ड्रोन से AK-47: कनाडा पार्सल से खुला 'अर्श डल्ला' के 3.5 करोड़ वाले नार्को-टेरर सिंडिकेट का राज

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (द्वारका) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खाने-पीने की आड़ में फॉल्स बॉटम पार्सल के जरिए कनाडा अफीम भेजते थे। इस ड्रग्स नेटवर्क से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों और सीमा पार से ड्रोन द्वारा हथियार मंगवाने के लिए किया जा रहा था।

Image

दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, 4 गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने देश की सुरक्षा से जुड़े एक बेहद संगीन और अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। द्वारका क्राइम ब्रांच की मुस्तैदी से कनाडा भेजे जा रहे अफीम के पार्सल पकड़े गए, जिसके बाद पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक फैले एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों -हरदीप सिंह, यादविंदर सिंह, सिमरनजीत सिंह और जीवन सिंह को धर दबोचा है।

मामले की शुरुआत मोती नगर के एक कूरियर सेंटर से हुई, जहां जांच के दौरान कनाडा जाने वाले एक पार्सल को रोका गया। देखने में पार्सल साधारण लग रहा था, लेकिन जब बारीकी से तलाशी ली गई तो अधिकारियों के होश उड़ गए। खाने-पीने की चीजों के नीचे सिल्वर फॉयल का 'फॉल्स बॉटम' बनाकर करीब 3 किलो अफीम छिपाई गई थी।

इसके बाद जब कड़ियों को जोड़ा गया, तो दो और पार्सलों से भारी मात्रा में अफीम जब्त की गई। पुलिस ने कुल 5.138 किलो अफीम बरामद की है, जिसकी कनाडा के अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

ड्रग्स के बदले हथियार

इस हाई-टेक नेटवर्क के काम करने का तरीका किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं था। आरोपी फर्जी KYC का इस्तेमाल करके पार्सल बुक कराते थे। एक-दूसरे से संपर्क करने के लिए ये सिग्लन ऐप और कनाडाई व्हाट्सएप नंबरों का सहारा लेते थे। पैसों का लेनदेन बेनामी बैंक खातों और UPI से होता था, जबकि अफीम की डिलीवरी जीपीएस लोकेशन के जरिए 'डेड-ड्रॉप' तकनीक से ली जाती थी। भारत में करीब 1.5 लाख रुपये किलो मिलने वाली अफीम को ये कनाडा में 50 से 100 डॉलर प्रति ग्राम के हिसाब से बेचते थे।

पुलिस ने क्या बताया?

जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा 'ड्रग्स के बदले हथियार' (Drugs for Weapons) के खेल को लेकर हुआ है। पुलिस के अनुसार, इस काली कमाई का इस्तेमाल विदेशों से हथियार खरीदने और भारत में आतंकी गतिविधियों की फंडिंग के लिए किया जाता था। जांच एजेंसियों को इस सिंडिकेट के तार खूंखार आतंकी अरशदीप सिंह उर्फ 'अर्श डल्ला' से जुड़े होने के मजबूत सबूत मिले हैं।

पाकिस्तान सीमा पार से ड्रोन के जरिए जो हथियार पंजाब में गिराए जाते थे, वे इसी नेटवर्क के जरिए गैंगस्टरों और आतंकियों तक पहुंचाए जाने थे। फिलहाल पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश और वित्तीय ट्रेल की गहन जांच में जुटी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article