LPG Crisis : सरकार एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति की बात कर रही है, लेकिन कई शहरों में रसोई गैस को लेकर किल्लत देखी जा रही है। वहीं, ईधन संकट के बीच कथित तौर पर अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर बेचने के मामले सामने आ रहे हैं, जिसको लेकर कार्रवाई जारी है। कई राज्यों से बड़ी संख्या में कालाबाजारी और अवैध बिक्री के मामले पकड़े गए हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो अबतक जमाखोरी और कालाबाजारी पर 12,000 से ज्यादा छापेमारी की गई है, जिसमें 15,000 से अधिक एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में दी गई, जिसमें पेट्रोलियम, शिपिंग और विदेश मंत्रालयों ने मौजूदा स्थिति पर अपडेट साझा किए।
भारत भर में 12 हजार रेड
उन्होंने कहा कि एनफोर्समेंट एक्शन की बात करें तो पिछले कुछ दिनों में अब तक करीब 12 हजार रेड की गई हैं। करीब 15 हजार सिलेंडर जब्त किए गए हैं। कल दिल्ली में करीब 600 सिलेंडर जब्त किए गए। इसी तरह,उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में करीब 450 इंस्पेक्शन और रेड की गई हैं। 10 लोगों को अरेस्ट भी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में 564 रेड की गई हैं, FIR दर्ज की गई हैं, और अरेस्ट भी किए गए हैं। केरल में करीब 1000 रेड और इंस्पेक्शन किए गए हैं और डोमेस्टिक और कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए गए हैं। मध्य प्रदेश में भी करीब 1200 रेड की गई हैं और करीब 1800 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा, हमारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की इंस्पेक्शन टीमों को भी एक्टिव किया गया है और करीब 2500 रिटेल आउटलेट और LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर सरप्राइज़ इंस्पेक्शन किए गए हैं।
दिल्ली में 62 सिलेंडर बरामद
दिल्ली में भी एक वाहन से कुल 62 एलपीजी सिलेंडर (48 भरे हुए और 14 इस्तेमाल किए हुए) बरामद किए गए और वाहन को भी जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए बिना रसीद दिए स्थानीय लोगों को सिलेंडर बेच रहा था। उसने यह भी बताया कि वह मुकेश नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलीभगत कर काम कर रहा था, जो सिलेंडरों की व्यवस्था करता था।
यूपी में कालाबाजारी और जमाखोरी पर एक्शन
उत्तर प्रदेश सरकार ने इसकी कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए की गई कार्रवाई के तहत प्रदेश में 12 मार्च से अब तक 4,816 स्थानों पर छापे मार कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूरे प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी व अवैध बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और इसके तहत 12 मार्च से अब तक प्रदेशभर में 4,816 स्थानों पर छापेमारी की गई है। इस दौरान रसोई गैस वितरकों के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज किए गए हैं जबकि गैस की कालाबाजारी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध 60 प्राथमिकियां दर्ज कर कार्रवाई की गई। इस मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पलामू में विस्फोट के बाद अवैध सिलेंडर बरामद
झारखंड के पलामू जिले में एक इमारत के भूतल (’बेसमेंट’) में विस्फोट हो जाने के बाद वहां से रसोई गैस के 43 सिलेंडर के कथित रूप से चोरी होने के मामले में नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट बैरिया चौक स्थित इमारत के ’बेसमेंट’ में हुआ, जहां रसोई गैस के 61 सिलेंडर अवैध रूप से रखे हुए थे। विस्फोट के बाद ’बेसमेंट’ की पिछली दीवार ध्वस्त हो जाने से घटनास्थल से कुल 43 सिलेंडर गायब हो गए।
बिहार में गैस सिलेंडर की आपूर्ति जारी
बिहार सरकार ने कहा कि राज्य के सभी अस्पतालों एवं शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, पेट्रोल एवं डीजल का भी पर्याप्त भंडार राज्य में उपलब्ध है, जिससे आमजनों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद नए गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।
