शहर

Ahmedabad: हत्या और पॉक्सो मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी जेल से भागा, अलर्ट मोड पर पुलिस

अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल से हत्या और पॉक्सो मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी के गायब होने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

Image

अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल से उम्रकैद का कैदी फरार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ahemdabad News: अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल से हत्या और पॉक्सो मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक कैदी फरार हो गया है। मामले में राणीप पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है। फरार कैदी की पहचान मालदे रामाभाई परमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पोरबंदर जिले का रहने वाला है। इस संबंध में राणीप पुलिस स्टेशन में असिस्टेंट हेड कॉन्स्टेबल मुकुंदकुमार गिरीशभाई द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार फरियादी देवदत्तसिंह आर. गोहिल, जो अहमदाबाद मध्यस्थ जेल में जेलर ग्रुप-2 के पद पर कार्यरत हैं, ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

कब सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा?

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी मालदे रामाभाई परमार कमलाबाग पुलिस स्टेशन में दर्ज वर्ष 2023 के हत्या, गाली-गलौज और पॉक्सो एक्ट की धाराओं वाले मामले में दोषी ठहराया गया था। 9 मई 2025 को अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद उसे पोरबंदर विशेष जेल से राजकोट केंद्रीय जेल भेजा गया था। बाद में बीमारी के चलते जेल एवं सुधारात्मक प्रशासन कार्यालय के आदेश पर 16 नवंबर 2025 को इलाज के लिए राजकोट जेल से अहमदाबाद मध्यस्थ जेल स्थानांतरित किया गया था।

फरार कैदी की तलाश में जुटी है पुलिस

रिपोर्ट के अनुसार 11 मई 2026 को सुबह जेल परिसर के बड़ा चक्कर यार्ड नंबर-4 आफ्टर बैरक में कैदियों की गणना के दौरान मालदे परमार मौजूद नहीं मिला। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। जेल के सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि आरोपी सुबह करीब 10:10 बजे बड़ा चक्कर यार्ड नंबर-4 से निकलकर मुख्य गेट तक पहुंचा और वहां ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों की नजर बचाकर जेल के मुख्य द्वार से बाहर निकल गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस फरार कैदी की तलाश में जुटी है और यह भी जांच की जा रही है कि जेल सुरक्षा में चूक कैसे हुई।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article