शहर

लातेहर को मिली Rajdhani Express की कनेक्टिविटी, ये राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन रुकेगी स्टेशन पर

अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और जंगलों के लिए मशहूर लातेहर में अब राजधानी ट्रेन भी रुकेगी। इससे लातेहर में पर्यटन को तो बढ़ावा मिलेगा ही, साथ ही यहां के लोगों को भी बड़ा फायदा होगा।

Image

अब लातेहर में भी रुकेगी राजधानी एक्सप्रेस (AI Image)

Rajdhani Express: लातेहर, झारखंड राज्य का एक जिला है, जिसे 4 अप्रैल 2001 को पलामू जिले से अलग किया गया था। यह जिला अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, घने जंगलों और खनिज संपदा के लिए जाना जाता है। लातेहर जिला झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बसा है और यह राज्य में इको-टूरिज्म, खेती-किसानी के लिए जाना जाता है। इसके अलावा बेतला नेशनल पार्क और मशहूर नेतरहाट स्कूल इसकी पहचान हैं। इतना महत्वपूर्ण होने के बावजूद लातेहर को अब तक राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन की कनेक्टिविटी नहीं मिली थी। लेकिन अब लातेहर में Rajdhani Express रुकेगी। इससे न सिर्फ लातेहर के लोगों को फायदा होगा, बल्कि यहां की खूबसूरती देखने जाने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।

ये राजधानी एक्सप्रेस रुकेगी Latehar में

लातेहर के लिए किसी नई राजधानी एक्सप्रेस की घोषणा नहीं की गई है। बल्कि रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन को अब लातेहर में भी रोका जाएगा। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब लातेहर के लोगों को भी राजधानी एक्सप्रेस की कनेक्टिविटी मिलेगी। बता दें कि रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की शुरुआत साल 2001 में हुई थी। इस प्रीमियम ट्रेन सेवा को दक्षिण-पूर्वी रेलवे (SER) जोन ऑपरेट करता है।

ट्रेन नंबर और यात्रा में लगने वाला समय

रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12453/12454 अपने पूरे सफर के दौरान 1246 किमी का सफर तय करती है। इस दूरी को तय करने में ट्रेन को 17:55 घंटे लग जाते हैं। यह ट्रेन सप्ताह में एक ही बार चलती है।

अभी इन स्टेशनों पर रुकती है ट्रेन

रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अभी अपने रूट के दौरान 9 स्टेशनों पर रुकती है। उन 9 स्टेशनों के नाम हैं - लोहरदगा, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, नगर उनतरी, रेणुकुट, चोपान, सोनभद्र, प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल। अब इस रूट पर ट्रेन लातेहर में भी रुकेगी, इस तरह से अब 10 स्टेशनों पर रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस रुकेगी।

27 अप्रैल की एक चिट्ठी में रेलवे बोर्ड ने हा है कि रेलवे मंत्रालय ने एक्सपेरिमेंट के तौर पर 12453/12454 रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को लातेहर स्टेशन पर रोकने की मंजूरी मिल गई है। यह स्टेशन ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) जोन के धनबाद डिवीजन के अंतर्गत आता है। रेलवे बोर्ड ने जोनल रेलवे से इस नए स्टॉपेज को जल्द से जल्द शुरू करने को कहा है। जल्द ही जोनल रेलवे रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का नया रिवाइज्ड शेड्यूल जारी करेगा।

रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का टाइमिंग

रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453) हर रविवार शाम 5.15 बजे रांची से चलती है और दूसरे दिन सुबह 11.10 बजे नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचती है। अपनी वापसी की यात्रा में ट्रेन नंबर 12454 हर शनिवार शाम 4.10 बजे नई दिल्ली से चलकर रविवार सुबह 9.45 बजे रांची पहुंचती है।

रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में टिकट कितने की है?

बता दें कि रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में तीन तरह के कोच हैं, थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी। रांची और नई दिल्ली के बीच सफर करने पर थर्ड ऐसी में आपको 2190 रुपये, सेकंड एसी में 3395 रुपये और फर्स्ट एसी के लिए 4795 रुपये का टिकट लेना होगा। इस ट्रेन में डायनामिक टिकट प्राइस भी लागू है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article