कोलकाता

Kolkata Rain: कोलकाता में आफत की बारिश, जलभराव के कारण मेट्रो और रेल सेवाएं ठप, एयरपोर्ट पर भरा पानी

Kolkata Rain: कोलकाता में देर रात हुई बारिश से कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। इससे मेट्रो और रेल सेवाएं ठप हो गई है। साथ ही एयरपोर्ट पर पानी भरा होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Image

कोलकाता में बारिश के बाद जलभराव के कारण मेट्रो रेल सेवाएं ठप (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Kolkata Rain: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में शारदीय नवरात्रि के बीच रात भर हुई तेज बारिश ने शहर को बुरी तरह प्रभावित किया है। कोलकाता के कई इलाकों में जलभराव हो गया है और कई सड़कें जलमग्न हो गई है। इससे मेट्रो और रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मंगलवार को कोलकाता मेट्रो रेलवे ने भारी बारिश के कारण यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई स्टेशनों के बीच परिचालन निलंबित किया गया है, जबकि ईस्टर्न रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द और री-शेड्यूल किया।

भारी बारिश के कारण मेट्रो सेवाएं बंद

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोवर स्टेशन के बीच मध्य खंड में भारी जलभराव होने से शहीद खुदीराम से मेडन स्टेशन तक मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। दक्षिणेश्वर से मेडन स्टेशन तक सीमित (ट्रंकेटेड) सेवाएं चलाई जा रही हैं। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि पानी निकालने का काम तेजी से चल रहा है और कर्मचारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। सामान्य सेवाएं जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

रेल सेवाएं ठप

रेलवे की ओर से बताया गया है कि हावड़ा और सियालदह यार्ड तथा कार शेड्स में भारी जलभराव हो गया है। चितपुर नॉर्थ केबिन और सियालदह यार्ड के विभिन्न स्थानों पर रेल पटरियों पर पानी भर गया है। कई जगहों पर वाटर पंप लगाए गए हैं, लेकिन आसपास के इलाकों से पानी वापस बह रहा है, जिससे समस्या बढ़ रही है। इस कारण सुबह के समय कुछ उपनगरीय ट्रेनें छोटे रूट पर चलाई गईं और इमरजेंसी प्लान लागू किया गया है।

जलभराव के कारण ये ट्रेनें हुई रद्द

जानकारी के अनुसार, कोलकाता-हल्दीबाड़ी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12363) को यार्ड और ट्रैक पर जलभराव के कारण रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही, हाजारदुआरी एक्सप्रेस कोलकाता (ट्रेन नंबर 13113) और सियालदह-जंगीपुर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 13177) को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा, कुछ ट्रेनों को री-शेड्यूल किया गया है, जिनमें हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस और हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर सियालदह जसराम मीना ने बताया कि भारी बारिश के कारण सियालदह सेक्शन में ट्रेनों में देरी हो रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक परिवहन का उपयोग करें और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर अपडेट चेक करें।

हवाई अड्डे पर भरा पानी

रात भर हुई लगातार बारिश के कारण कोलकाता हवाई अड्डे पर भी पानी भरा हुआ है। हवाई अड्डे के एप्रन पर पानी जमा होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरा होने के कारण विमान में चढ़ने वालों को पानी पार करना पड़ रहा है। वैसे ही विमान से उतरने वालों को बस में चढ़ने के लिए पानी पार करना पड़ रहा है। हवाई अड्डे के अंदर पंपिंग मशीनों की मदद से इस पानी को निकालने की कोशिश की जा रही है। कोलकाता हवाई अड्डे के रनवे पर अभी तक कोई समस्या नहीं है और हवाई यातायात सामान्य है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article