Kolkata Rain: पश्चिम बंगाल में कोलकाता और आसपास के इलाकों में रात भर भारी बारिश हुई। जिसके कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर घुटनों तक पानी भर गया और यातायात भी ठप हो गया। आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं और कोलकाता में कई घरों एवं आवासीय परिसरों में पानी घुस गया। शहर में और अधिक बारिश होने की आशंका है।
इलाकों से पानी निकालने का काम जारी
कोलकाता में बीतें 5 घंटे में रिकॉर्ड बारिश हुई। कई इलाकों में पिछले कुछ घंटों में ही करीब 300 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिससे ज्यादातर इलाकों में आवाजाही ठप हो गई है। ट्रेन और मेट्रो सर्विसेज भी प्रभावित हुई हैं। एक सोसाइटी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घरों के गेट-गाड़ियां सब पानी में डूबी नजर आ रही है। यहां दुर्गा पूजा का पंडाल भी जलमग्न नजर आ रहा है। कोलकाता म्युनिसिपल कारपोरेशन ने पंपिंग स्टेशन एक्टिवेट कर दिए हैं, जलमग्न इलाकों से जल्द से जल्द पानी निकालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि मौसम विभाग की और से आज पूरे दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
कई इलाकों में 300 मिमी भरा पानी
आईएमडी ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अनुसार, शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की तीव्रता ज्यादा रही। गरिया कामदहारी में कुछ ही घंटों में 332 मिलीमीटर बारिश हुयी, जबकि जोधपुर पार्क में 285 मिमी बारिश दर्ज की गई। कालीघाट में 280 मिमी, तोपसिया में 275 मिमी, बल्लीगंज में 264 मिमी, जबकि उत्तरी कोलकाता के थंटानिया में 195 मिमी बारिश हुयी।
आईएमडी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरपूर्व में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है और इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने कहा कि बुधवार तक दक्षिण बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। 25 सितंबर के आसपास पूर्व-मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की भी संभावना है।
(इनपुट - भाषा)
