Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में PNB घोटाला मामले को लेकर पिछले 9 दिनों से धरने पर बैठे किसानों को बैंक अधिकारियों ने तीन दिन में पैसे वापस करने का आश्वासन दिया है। किसान संगठन की महापंचायत के दौरान बैंक कर्मचारियों और किसानों के बीच वार्ता कराई गई। बैंक की तरफ से बताया गया कि 15 से 20 खाताधारकों के खातों में रकम ट्रांसफर कर दी गई है। बाकी खातों को भी जल्द अनफ्रीज करने और उनमें पैसे वापस भेजने का भरोसा दिया गया है।
दरअसल, PNB Scam से प्रभावित खाताधारक किसान पिछले 9 दिनों से अपने पैसे वापस मिलने और बैंक खातों को अनफ्रीज कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। इसी कड़ी में किसान संगठन ने आज यानी सोमवार 2 नवंबर को महापंचायत बुलाई थी। इसमें बैंक के खिलाफ तालाबंदी का आह्वान किया गया था। महापंचायत को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
बैंक अधिकारियों और किसानों के बीच वार्ता
महापंचायत के दौरान पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाया और बैंक कर्मचारियों के साथ उनकी बातचीत भी कराई। वार्ता में बैंक कर्मियों ने बताया कि 15 से 20 खाताधारकों के खातों में रकम ट्रांसफर की जा चुकी है। अन्य प्रभावित खाताधारकों के खाते भी जल्द अनफ्रीज किए जाएंगे।
बैंक कर्मचारियों ने सभी प्रभावित खाताधारकों के पैसे तीन दिनों के भीतर वापस करने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने फिलहाल बैंक में तालाबंदी की मांग को लेकर आगे की कार्रवाई रोकने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें - गांव-तबेला नहीं, ये Greater Noida West है!
तीन दिन बाद फिर आंदोलन की चेतावनी
किसान नेता विकास भाटी ने कहा कि बैंक ने तीन दिन में सभी खाताधारकों के पैसे वापस करने का भरोसा दिया है। अगर तय समय में सभी प्रभावित किसानों की रकम वापस नहीं आती है तो चौथे दिन किसान दोबारा बैंक में तालाबंदी करेंगे और धरने पर बैठेंगे।
फिलहाल किसानों ने बैंक को तीन दिन का समय दिया है। अब देखना होगा कि बैंक इस दौरान सभी प्रभावित खाताधारकों की समस्या का समाधान कर पाता है या नहीं।
