शहर

‘पति को नहीं छोड़ा तो जान दे दूंगी’, पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा, 50 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ी महिला

Kanpur Police: कानपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय परिसर में एक महिला 50 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गई और अपने पति की रिहाई की मांग करने लगी। महिला का पति पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद है।

Kanpur Police: उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला करीब 50 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गई। यह वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल (Viral Video) हो रहा है। महिला अपने पति की रिहाई की मांग कर रही थी और बार-बार कह रही थी कि अगर उसके पति को नहीं छोड़ा गया तो वह अपनी जान दे देगी। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार महिला का पति पॉक्सो एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है। महिला का आरोप था कि उसके पति को झूठे केस में फंसाया गया है।

देखते ही देखते जमा हो गई लोगों की भीड़

इसी नाराजगी में वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और परिसर में लगे टॉवर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाते हुए अपने पति को छोड़ने की मांग करती रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम भी बुला ली गई। अधिकारियों ने महिला को समझाने की कोशिश शुरू की। जॉइंट कमिश्नर विपिन ताडा और अन्य अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उसे शांत कराने का प्रयास किया।

महिला के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने ली राहत की सांस

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और कानून के अनुसार मदद की जाएगी। काफी देर तक महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। बाद में पुलिस ने उसके पति को वहां लाकर दिखाया। इसके बाद महिला का गुस्सा थोड़ा शांत हुआ। महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की लगातार समझा-बुझाकर के बाद वह धीरे-धीरे टॉवर से नीचे उतर आई। महिला के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के कारण काफी देर तक पुलिस कमिश्नर कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article