शहर

कानपुर में 15 दिन से खुला था ‘मौत का गड्ढा’, बाइक समेत गिरा डिलीवरी बॉय, लोगों में आक्रोश

Kanpur News: कानपुर में सड़क के बीच 15 दिनों से खुले गहरे गड्ढे में एक डिलीवरी बॉय बाइक समेत गिर गया। लोगों ने संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर सड़क मरम्मत की मांग की।

Image

सड़क के बीच गहरा गड्ढा, बाइक समेत गिरा युवक

Photo : Times Now Digital

Kanpur Accident News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रशासन की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड इलाके में सड़क के बीचों-बीच पिछले 15 दिनों से खुला पड़ा एक गहरा गड्ढा डिलीवरी बॉय के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। इस गड्ढे में युवक बाइक समेत जा गिरा। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक, डिलीवरी बॉय अपनी बाइक से सामान डिलीवर करने के लिए जा रहा था। जब वह जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड इलाके से होकर गुजर रहा था, तो सड़क के बीच बने इस गहरे गड्ढे के पास पहुंचते ही उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक बाइक समेत उसमें जा गिरा। हादसा अचानक हुआ, जिससे बाइक सवार को संभलने का मौका नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत युवक को गड्ढे से बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक बड़ा जीवन संकट टल गया, हालांकि हादसे के कारण युवक को चोटें आई हैं।

विभाग की लापरवाही पर फूटा गुस्सा

घटना के बाद से स्थानीय लोगों और राहगीरों में प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि यह खतरनाक गड्ढा पिछले करीब 15 दिनों से लगातार खुला हुआ था। उन्होंने बताया कि शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों ने इसे भरवाने या बैरिकेडिंग करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि खुले गड्ढे की वजह से यहां लगातार हादसे का खतरा बना हुआ था। डिलीवरी बॉय के साथ हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क पर खुले पड़े गड्ढे को जल्द भरवाया जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article