UP News: उत्तर प्रदेश के प्रमख औद्योगिक शहर कानपुर में 93.2 किलोमीटर लंबी, 6-लेन कानपुर रिंग रोड (Kanpur Ring Road) परियोजना तेजी से आकार ले रही है। इस रिंग रोड के बन जाने से शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। शहर के अंदर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और कई राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) के बीच बिना रुकावट के संपर्क स्थापित करने के लिए इस रिंग रोड को तैयार किया जा रहा है। इस रिंग रोड के निर्माण कार्य को कई पैकेजेस में बांटा गया है और अलग-अलग पैकेजेस पर अच्छी प्रोग्रेस भी नजर आने लगी है।
कानपुर रिंग रोड के पैकेज-1 की प्रोग्रेस क्या है?
कानपुर रिंग रोड का पैकेज-1, 23.3 किमी लंबा है। इस पैकेज पर अब तक लगभग 57 फीसद काम पूरा हो चुका है। पैकेज में NH-27 क्रॉसिंग पर गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा हो चुका है और मई 2026 तक यहां पर डेक स्लैब का काम किया जा रहा था। पैकेज-1 का निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कानपुर रिंग रोड के पैकेज-2 पर कितना हुआ काम?
कानपुर रिंग रोड का पैकेज-2A, 8.76 किमी लंबा है और इस पर 46 फीसद तक काम पूरा हो चुका है। यहां गंगा नदी पर बनने वाले पुल के पियर्स तेजी से तैयार किए जा रहे हैं और गर्डर लॉन्चिंग का काम भी शुरू हो चुका है। इस हिस्से पर 1 नवंबर 2025 को काम शुरू हुआ था और इसकी संशोधित डेडलाइन अब 29 अप्रैल 2028 तय की गई है। पैकेज 2बी का काम भी 14 फीसद तक पूरा हो चुका है।

धीरे-धीरे आकार ले रही कानपुर रिंग रोड (Photo - https://x.com/DetoxTravellerr/)
पैकेज-3 में कितना काम बाकी है
रिंग रोड प्रोजेक्ट के पैकेज-3 में अब तक 28 फीसद काम पूरा हो चुका है। यानी अभी 72 फीसद काम बाकी है।
पैकेज-4 की प्रोग्रेस रिपोर्ट क्या है?
कानपुर रिंग रोड का पैकेज 3 कुल 24.5 किमी लंबा है और इसका निर्माण कार्य लगभग 34 फीसद तक पूरा हो चुका है। इस पैकेज के तहत कानपुर-छतरपुर हाईवे के पास सब-बेस लेयर तैयार की जा चुकी है, जबकि इंटरचेंज के पीयर कैप पर अभी काम जारी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi News: शुरू हो गया सेंट्रल विस्टा मेट्रो कॉरिडोर का काम, इन इलाकों में लग सकता है जाम
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिलेगी?
कानपुर रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत कई जगहों पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB), फ्लाईओवर और इंटरचेंज का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। एनएच-27 और एनएच-34 पर लूप तथा पीयर्स के निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण की तरफ बढ़ रहा है। इसके साथ ही लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी वाले हिस्से में भी अर्थवर्क का काम शुरू हो चुका है।

कानपुर को जाम से मुक्त करेगी कानपुर रिंग रोड (Photo - https://x.com/DetoxTravellerr/)
कानपुर शहर को इस रिंग रोड से क्या फायदा होगा?
कानपुर रिंग रोड का निर्माण कार्य पूरा होने और इसके आम ट्रैफिक के लिए खुल जाने के बाद भारी वाहनों को शहर के अंदर से जाने की जरूरत नहीं रहेगी। इसके शुरू हो जाने से कानपुर शहर में जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी। इसके साथ ही माल वाहन ज्यादा तेज और सुगम तरीके से अपना सफर तय कर पाएंगे और ईंधन व समय दोनों की बचत होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Ring of Fire के पास बसे देशों वेनेजुएला, चिली, जापान और PNG में ही क्यों आते हैं बड़े और विनाशकारी भूकंप
कब तक तैयार हो जाएगा कानपुर रिंग रोड
पिछले कुछ महीनों के दौरान कानपुर रिंग रोड प्रोजेक्ट के काम में तेजी देखने को मिली है। उम्मीद की जा रही है कि यह तेजी आगे भी बरकरार रहेगी। अगर यह तेजी आगे भी जारी रही तो उम्मीद है कि 2027 के अंत तक कानपुर रिंग रोड प्रोजेक्ट का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। यह प्रोजेक्ट न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था को मॉडर्न बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों और लॉजिस्टिक नेटवर्क को भी मजबूती देगी।
नोट - सभी तस्वीरें और जानकारी इंफ्रा व्लॉगर मोहित कुमार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म https://x.com/DetoxTravellerr/ से साभार ली गई हैं।
